politics
25 अगस्त को वृंदावन आएंगे CM योगी:वात्सल्य ग्राम में दिव्यांग बच्चों के हॉल का करेंगे लोकार्पण, 1.11 लाख राखियां होंगी भेंट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 अगस्त को वृंदावन आएंगे। मुख्यमंत्री यहां दिव्यांग बच्चों के लिए बनाए गए ‘वैशिष्ट्याम हॉल’ का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही राष्ट्र रक्षा सूत्र बंधन यात्रा कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।यह जानकारी साध्वी ऋतम्भरा ने सोमवार को वरिष्ठ पत्रकार भानु प्रताप शुक्ल के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित राष्ट्र चिंतन दिवस कार्यक्रम में दी। साध्वी ऋतम्भरा ने बताया कि राष्ट्र रक्षा सूत्र यात्रा की रजत जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 1 लाख 11 हजार राखियां समर्पित की जाएंगी। उन्होंने सामाजिक संगठनों और स्कूलों से भी राखियां उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि ये राखियां वात्सल्य ग्राम की बेटियां रक्षाबंधन पर देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों की कलाई पर बांधेंगी। बोलीं- पत्रकार सत्य के पक्षधर रहें राष्ट्र चिंतन दिवस कार्यक्रम में साध्वी ऋतम्भरा ने पत्रकारों से सत्य के पक्ष में खड़े रहने की अपील की। उन्होंने कहा- पत्रकार प्रलोभन और भय से मुक्त होकर देश के लिए संवाहक की भूमिका निभाएं। राष्ट्रहित को सबसे ऊपर रखते हुए सच को सामने लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को पक्ष-विपक्ष की राजनीति में फंसकर किसी के हाथ का खिलौना नहीं बनना चाहिए। कार्यक्रम में उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार भानु प्रताप शुक्ल के जीवन और उनके विचारों को भी याद किया। वाद-विवाद और नुक्कड़ नाटक में लिया हिस्सा संविद् गुरुकुलम् गर्ल्स सैनिक स्कूल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए देशभक्ति कविता, वाद-विवाद, चित्रांकन और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं भी हुईं। काव्य पाठ में समीक्षा मिश्रा ने पहला स्थान हासिल किया। अरात्रिका भारती और आदिति चौधरी दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। चित्रांकन प्रतियोगिता में अंशिका प्रथम, अंशी द्विवेदी द्वितीय और रिया चौधरी तृतीय रहीं। ‘मीडिया लोकतंत्र का सबसे मजबूत स्तंभ है’ विषय पर हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता में हिमांशी प्रथम, श्रेया सक्सेना द्वितीय और इशू तृतीय रहीं। नुक्कड़ नाटक में तपस्विती सदन ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता छात्राओं को मुख्य अतिथियों ने टॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अतिथियों का किया गया सम्मान कार्यक्रम की शुरुआत वीणावादिनी वागेश्वरी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और वरिष्ठ पत्रकार भानु प्रताप शुक्ल के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को पटका और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन संजय मैया, निर्देशिका सुमनलता, संविद् स्कूलों के कमांडेड ग्रुप एसके शर्मा, प्रेम कुमार सिंह और प्राचार्या पूजा सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन कवि डॉ. उमाशंकर राही और शिक्षक धनंजय मिश्रा ने किया।
Read full article on Bhaskar