crime
2.79 ग्राम चिट्टा सहित एक तस्कर गिरफ्तार:एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई
हनुमानगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत गोगामेड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 2.79 ग्राम अवैध चिट्टा बरामद कर एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नोहर) गीता चौधरी और पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त नोहर) सुभाष चंद्र के निर्देशन में की गई। गोगामेड़ी पुलिस थानाधिकारी जयप्रकाश झाझड़िया के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने इसे अंजाम दिया। पुलिस टीम गोगामेड़ी से नेठराना रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान तेजाजी नगर, गोगामेड़ी क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसकी जांच की गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 2.79 ग्राम अवैध चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार (30) पुत्र ओमप्रकाश नायक के रूप में हुई है। वह वार्ड संख्या 15, नेठराना, थाना गोगामेड़ी, जिला हनुमानगढ़ का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गोगामेड़ी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच पुलिस थाना भादरा के थानाधिकारी राधेश्याम को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी जयप्रकाश झाझड़िया के साथ सहायक उपनिरीक्षक महावीर प्रसाद, हेड कॉन्स्टेबल रामस्वरूप और नरसीराम शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Read full article on Bhaskar