crime
9 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध हालात में मौत:मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, 3 साल पहले हुई थी शादी
संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र के सिंघौला दौलत सिंह गांव में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे 9 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला की पहचान 26 साल की रेखा पत्नी धर्मेंद्र के रूप में हुई है। मौत की सूचना पर मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में गांव पहुंचे और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने दोपहर करीब 1 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप महिला के चाचा चंद्रपाल के मुताबिक करीब तीन साल पहले रेखा की शादी धर्मेंद्र से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास और देवर दहेज में कम सामान लाने को लेकर रेखा को परेशान करते थे। उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। दो महीने पहले मायके भेजने का दावा चंद्रपाल ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी रेखा के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसे ससुराल से निकाल दिया गया था। इसके बाद वह मायके लखनपुर में रह रही थी। सोमवार शाम पति धर्मेंद्र और सास उसे समझा-बुझाकर वापस ससुराल ले आए थे। रात में मारपीट के बाद मौत का आरोप मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद रात में रेखा के साथ फिर मारपीट की गई। इसके बाद मंगलवार सुबह उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना पर रजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। मायके पक्ष के विरोध के चलते गांव में कुछ देर तनाव की स्थिति बनी रही। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar