politics
आगरा में महिला सशक्तीकरण सम्मेलन आयोजित:विचार मंच में सार्थक खुला संवाद, सामाजिक एवं पारिवारिक विषयों पर मंथन
आगरा के दयालबाग में रविवार को आयोजित महिला सशक्तीकरण सम्मेलन में 500 से अधिक महिलाओं ने सहभागिता की। राधास्वामी सतसंग सभा के अध्यक्ष प्रेमी भाई गुरु सरूप सूद ने सम्मेलन में महिलाओं की प्रतिभा एवं क्षमताओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सामूहिक प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं प्रतिभागियों को बधाई दी। यह सम्मेलन 20 सितंबर को सनफ्लॉवर पब्लिक स्कूल में उत्तर प्रदेश राधास्वामी सतसंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया। अदनबाग, आगरा सिटी, एलोरा, मथुरा और फिरोजाबाद ब्रांचेस की महिला एसोसिएशनों ने संयुक्त रूप से आयोजन किया। प्रेमी बहन नमिता सूद एवं विशेष अतिथि सरोज प्रशांत भी उपस्थित रहीं। सम्मेलन की शुरुआत प्रार्थना से हुई, जिसमें वरिष्ठ महिलाओं ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। "सशक्त नारी, सशक्त परिवार" विषय पर रोल प्ले प्रस्तुत किया गया। मानसिक स्वास्थ्य पर उपयोगी जानकारी दी गई और "विचार मंच" में सामाजिक एवं पारिवारिक विषयों पर संवाद हुआ। कार्यक्रम में गीत, कव्वाली और प्रदर्शनी भी शामिल थीं। प्रदर्शनी में महिलाओं के कार्यों और रचनात्मक प्रतिभा को देखने का अवसर मिला। वरिष्ठ बहनों ने युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन दिया। विचार मंच में डॉ. कविता रायजादा ने भी अपने विचार रखे। आसपास की ब्रांचेस से आईं महिलाएं कार्यक्रमों और प्रदर्शनी को देखकर प्रसन्न एवं प्रोत्साहित हुईं। भोजनावकाश के बाद आयोजित टाई एंड डाई, खाद्य संरक्षण एवं बेकिंग तथा "बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट" की कार्यशालाओं में 60 बहनों ने भाग लिया। इन कार्यशालाओं में महिलाओं को नए कौशल सीखने और रचनात्मकता विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम की संकल्पना एवं रूपरेखा डॉ. गुरुप्यारी प्रकाश ने तैयार की। महिला एसोसिएशन की रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. विनीता श्रीवास्तव और विभिन्न ब्रांचेस की पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग दिया। डॉ. श्रीवास्तव ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में राधास्वामी सतसंग सभा के सचिव प्रेमी भाई प्रेमदास सतसंगी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar