crime
आईटी कर्मी ने की आत्महत्या, बहन-जीजा पर केस:कानपुर में 1.75 करोड़ के मकान-जेवर विवाद में उकसाने का आरोप
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरम में शुक्रवार सुबह एक आईटी कंपनी के कर्मचारी रवि दीक्षित (40) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर रविवार शाम 7 बजे पुलिस ने रवि की बड़ी बहन छवि मिश्रा और जीजा विभाष मिश्रा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मृतक रवि दीक्षित एनटीटी डाटा कंपनी में कार्यरत थे और पिछले लगभग चार वर्षों से घर से ही काम कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी ज्योति दीक्षित और आठ वर्षीय बेटा समग्र हैं। पत्नी ज्योति ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने रवि को दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। जांच के दौरान रवि के पास से दो पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। परिवार का आरोप है कि रवि के माता-पिता की मृत्यु के बाद से ही उनकी बड़ी बहन छवि मिश्रा और जीजा विभाष मिश्रा 1.75 करोड़ रुपये के मकान और 10 लाख रुपये के जेवरात में हिस्सेदारी को लेकर रवि और उनकी पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि संपत्ति में हिस्सा देने के लिए दोनों कई बार घर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी देते थे, जिससे रवि मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। पत्नी ज्योति ने पुलिस को बताया कि 15 और 17 अगस्त को भी छवि मिश्रा और विभाष मिश्रा घर आए थे। उन्होंने संपत्ति और जेवर को लेकर विवाद किया और गुंडे लाकर घर खाली करवाने की धमकी दी थी। साथ ही, रवि को बेईमान कहकर अपमानित भी किया था। इन घटनाओं के बाद रवि अत्यधिक तनाव में थे।
Read full article on Bhaskar