crime
आजमगढ़ के थाने में युवक ने पिया जहरीला पदार्थ:फेसबुक पर वायरल किया वीडियो वायरल, जमीन विवाद में 10 तारीख को दी थी तहरीर
आजमगढ़ जिले के बरदह थाने में सुनवाई न होने से क्षुब्ध एक व्यक्ति ने शुक्रवार दोपहर कथित रूप से थाने के अंदर जहरीला पदार्थ पी लिया। घटना के बाद उसने थाने परिसर में ही वीडियो बनाकर फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव निवासी वतन राय से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि युवक का अपने पट्टीदारों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वतन राय का आरोप है कि पट्टीदारों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें परिवार सहित घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद से वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अपनी मां के घर रह रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने 10 तारीख को बरदह थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि थाने का चक्कर लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी से क्षुब्ध होकर शुक्रवार दोपहर वह कथित रूप से दो गिलास जहरीला पदार्थ लेकर थाने पहुंचे और परिसर में ही उसे पी लिया। पुलिस कर्मियों ने किया रोकने का प्रयास घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन तब तक वह जहरीला पदार्थ पी चुके थे। इसके बाद उन्होंने अपना वीडियो बनाकर फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वतन राय कहते दिखाई दे रहे हैं कि यदि उनकी मृत्यु होती है तो इसके लिए पुलिस जिम्मेदार होगी। जहरीला पदार्थ पीने के बाद वतन राय को गौराबादशाहपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने उल्टी कराकर उपचार शुरू किया और उन्हें दवाएं दी जा रही हैं। वहीं, वतन राय के मामा मुरारी राय ने बताया कि वह पिछले करीब 20 दिनों से अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ उनके घर पर रह रहे थे।
Read full article on Bhaskar