crime
आजमगढ़ में अवैध पटाखों के गोदामों पर पुलिस का छापा:672 किलो पटाखे बरामद; दो गिरफ्तार, किराये के मकानों में छिपाकर रखा गया गया था पटाखा
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कस्बे में अलग-अलग स्थानों पर किराये के मकानों में छापेमारी कर पुलिस ने कुल 672 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 47 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि कस्बा अतरौलिया में किराये के मकानों में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने सम्मो माता मंदिर के पास आकाश कुमार सिंह के मकान में छापेमारी की। यहां किराये पर रह रहे विरेन्द्र कुमार गुप्ता के कमरे की तलाशी लेने पर 24 गत्तों में रखे 325 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। इनकी कीमत करीब 2 लाख 65 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने विरेन्द्र को सुबह करीब 2:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने पटेल तिराहे के पास मिस्त्री चाचा के मकान में छापेमारी की। यहां किरायेदार प्रवीण गुप्ता उर्फ पिन्टू के कमरे से 10 बोरियों और नौ गत्तों में रखे 347 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 82 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया। बिना लाइसेंस के कर रहे थे बिक्री पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण कर रहे थे। इस मामले में थाना अतरौलिया में दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9ख के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र कुमार गुप्ता (42) और प्रवीण गुप्ता उर्फ पिन्टू (36) शामिल हैं। दोनों कस्बा अतरौलिया के वार्ड नंबर नौ के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, प्रवीण गुप्ता के खिलाफ वर्ष 2007 में भी विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
Read full article on Bhaskar