top
अलीगढ़ में FSDA टीम को कुचलने की कोशिश:आरोपियों को मथुरा में पकड़ा, 15 क्विंटल मिलावटी खोया-पनीर लदी गाड़ी जब्त
अलीगढ़ में रक्षाबंधन पर मिलावटी खाद्य पदार्थ खपाने वालों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा बुधवार रात हुई घटना से लगाया जा सकता है। टप्पल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटी पनीर लेकर जा रही गाड़ी को रोकने की कोशिश की तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय टीम पर चढ़ाने की कोशिश की और तेज रफ्तार में भाग निकला। टीम ने पीछा किया और मथुरा के बाजना क्षेत्र में पुलिस की मदद से वाहन को पकड़ लिया। वहीं जांच के दौरान करीब 15 क्विंटल पनीर खराब और मानव उपयोग के लायक नहीं मिला। टीम ने पूरा माल जब्त कर नियमानुसार नष्ट करा दिया। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भी भेजे जा रहे हैं। सासनी और टप्पल कट पर देर रात तक चेकिंग रक्षाबंधन को देखते हुए मिलावटी खोया, पनीर, दूध और मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक सिंह के नेतृत्व में टीम सासनी की ओर से आने वाले वाहनों के साथ यमुना एक्सप्रेस-वे के टप्पल कट पर बाहर से आने वाली खाद्य सामग्री की गाड़ियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा के मेवात से पनीर लेकर आ रही एक गाड़ी को रोका गया। अधिकारियों के मुताबिक पनीर की हालत बेहद खराब थी। प्रथम दृष्टया यह मानव उपभोग के योग्य नहीं था। टीम ने करीब 15 क्विंटल पनीर जब्त कर नष्ट करा दिया। रात 2 बजे दूसरी गाड़ी ने मचाई अफरा-तफरी कार्रवाई के दौरान रात करीब 2 बजे टीम ने एक और संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। उसने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को टक्कर मारने की कोशिश भी की। अचानक हुए घटनाक्रम से टीम में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और वाहन का पीछा शुरू कर दिया। बाद में बाजना के पास डायल-112 पुलिस की मदद से वाहन को रोक लिया गया। मथुरा पुलिस को सौंपा वाहन वाहन जिस जगह पकड़ा गया, वह मथुरा जिले के क्षेत्र में आता है। इसलिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वाहन को बाजना पुलिस चौकी और सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय), मथुरा की टीम के सुपुर्द कर दिया। अब वाहन और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अपर जिलाधिकारी (नगर) किंशुक श्रीवास्तव ने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। खोया, पनीर, दूध और मिठाइयों की लगातार जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाहर से आने वाली पनीर और खोये की खेपों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
Read full article on Bhaskar