top
अलीगढ़ में कल 38208 अभ्यर्थी देंगे PET:100 अतिरिक्त रोडवेज बसें लगाईं, 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट-जोनल मजिस्ट्रेट संभालेंगे निगरानी
अलीगढ़ में शुक्रवार को PET-2026 की परीक्षा दो पालियों में होगी। इसमें 38,208 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। केंद्रों पर निगरानी के लिए 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वहीं, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने 100 अतिरिक्त बसें लगाई हैं। रेलवे ने भी अलीगढ़ में दो स्पेशल ट्रेनों का स्टॉपेज दिया है। गुरुवार देर रात से दूसरे जिलों से अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सख्त चेकिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश मिलेगा। 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट संभालेंगे निगरानी परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी नगर संगीता देवी ने गुरुवार को सभी 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। चार-पांच केंद्रों पर एक जोनल मजिस्ट्रेट व्यवस्था संभालेंगे। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग होगी। सामान क्लॉक रूम में जमा कराने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले लाउडस्पीकर से उद्घोषणा भी कराई जाएगी, ताकि समय से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी परेशानी न हो। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजकिशोर ने बताया कि पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 19,104 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज ने प्रमुख मार्गों पर 100 अतिरिक्त बसें लगाई हैं। रेलवे ने भी दो स्पेशल ट्रेनों का अलीगढ़ में स्टॉपेज दिया है। जिले के स्कूलों में शैक्षणिक अवकाश PET के चलते शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जिले के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के साथ बेसिक शिक्षा परिषद, मान्यता प्राप्त, CBSE, ICSE और अन्य बोर्ड के स्कूलों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षक और कर्मचारी अपने दायित्व निभाएंगे। ड्यूटी में नहीं लगाए गए शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय कार्य निपटाने होंगे।
Read full article on Bhaskar