crime
अलीगढ़ में सचिन राघव प्रकरण:हाईवे पर चेकिंग, सोशल मीडिया के 13 हैंडल रडार पर,वाल्मीकि नेता के आने की सूचना पर पुलिस अलर्ट
क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव पर हमले के बाद अलीगढ़ में वाल्मीकि और सवर्ण समाज के बीच चल रहा विवाद अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों से जुड़े लोगों की बयानबाजी और बाहरी लोगों के अलीगढ़ आने की चर्चाओं के बीच पुलिस ने रविवार को सुरक्षा बढ़ा दी। दिल्ली और पलवल की ओर से शहर में आने वाले दोनों हाईवे पर चौपहिया वाहनों की विशेष चेकिंग कराई गई। पुलिस को आशंका थी कि बाहर से कोई व्यक्ति शहर में आकर आंदोलन या भड़काऊ बयान देकर माहौल खराब करने का प्रयास कर सकता है। हालांकि चेकिंग में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला। बाद में पता चला कि रोहतक के सामाजिक कार्यकर्ता करण वाल्मीकि रोहतकिया सुबह ही अलीगढ़ पहुंच चुका था। उसने गांधीपार्क क्षेत्र के शीशियापाड़ा में कुछ लोगों से मुलाकात की और एकजुटता का आह्वान करने के बाद वापस चला गया। इसके बावजूद पुलिस देर शाम तक निगरानी में जुटी रही। दो आरोपी जेल भेजे, 13 के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग, सचिन से हुई पूछताछ सचिन राघव पर हमले के मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं सोशल मीडिया पर एसएसपी से फर्जी बातचीत का दावा करने वाले करणी सेना पदाधिकारी मनोज सिकरवार को भी हाथरस के सादाबाद से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक वायरल ऑडियो में एसएसपी की आवाज नहीं थी और पुलिस से बातचीत का दावा भ्रामक पाया गया। एक अन्य युवक को भड़काऊ पोस्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया। वहीं एक अभिषेक ठाकुर की अभी तलाश जारी है। दूसरी ओर सचिन के भाई सुंदर समेत 13 लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। पुलिस इन लोगों की तलाश कर रही है। इसी मामले में रविवार को सचिन राघव को क्वार्सी थाने बुलाकर भाई सुंदर के बारे में पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उसे वापस भेज दिया गया। 13 एक्स हैंडल पुलिस की रडार पर, बयान दिया तो होगा मुकदमा पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सिविल लाइन थाने के एसआई नितिन कुमार की ओर से दर्ज मुकदमे में आरोप है कि सोशल मीडिया पर गाली-गलौज, आपत्तिजनक भाषा और धमकी वाले वीडियो व पोस्ट प्रसारित कर लोगों को उकसाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने ऐसे 13 एक्स हैंडल चिह्नित किए हैं, जिनमें कई बाहरी लोगों के बताए जा रहे हैं। शनिवार को भड़काऊ वीडियो के मामले में बुलंदशहर के एक युवक को गिरफ्तार किया गया था। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जमानत मिल गई। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी की जा रही है। अब तक दो मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की गई है। चिह्नित सोशल मीडिया खातों से दोबारा आपत्तिजनक या भड़काऊ बयानबाजी होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 27 को रोहिणी घावरी के आने की चर्चा इधर सचिन राघव की ओर से बताया गया है कि सोशल मीडिया पर घटना लगातार प्रसारित होने के बाद रोहिणी घावरी ने उससे मुलाकात की इच्छा जताई है। उनके 27 सितंबर को अलीगढ़ आने की संभावना बताई जा रही है, हालांकि अभी कार्यक्रम औपचारिक रूप से तय नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस की नजर सोशल मीडिया के साथ-साथ शहर में बाहर से आने वाले लोगों पर भी है, ताकि विवाद को लेकर कोई नया तनाव न पैदा हो।
Read full article on Bhaskar