politics
अमेठी में भगवान विश्वकर्मा जयंती पर निकली शोभायात्रा:श्रद्धालु झूमे, जमकर उड़ाया अबीर-गुलाल; सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे
अमेठी कस्बे में भगवान विश्वकर्मा जयंती धूमधाम से मनाई गई। विश्वकर्मा सेवा समिति ने इस अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए। विश्वकर्मा मंदिर में हवन-पूजन के बाद कस्बे में एक शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कस्बे में स्थित विश्वकर्मा मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। सुबह मंदिर परिसर में हवन-पूजन कर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। पूजन के बाद भगवान विश्वकर्मा की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान विश्वकर्मा की आकर्षक झांकी सजाई गई थी, जो कस्बे के अलग-अलग रास्तों से गुजरी। रथ पर बैठे भगवान विश्वकर्मा लोगों के लिए खास आकर्षण रहे। डीजे की धुन पर समाज के लोग नाचते-गाते और अबीर-गुलाल उड़ाते दिखे। श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा के जयकारे लगाए। शोभायात्रा देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ लगी रही। पूरे कस्बे में भक्ति का माहौल रहा। विश्वकर्मा सेवा समिति के सचिव निर्मल विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती समाज के लिए एक खास पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और आपसी भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने सभी से भगवान के बताए रास्ते पर चलने की अपील की। इस मौके पर डॉ.अजय विश्वकर्मा, राकेश विश्वकर्मा, ईश्वर विश्वकर्मा और गया प्रसाद सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।
Read full article on Bhaskar