crime
अनूपपुर में घर के बाहर से ट्रॉली चुराने वाला गिरफ्तार:चोरी में इस्तेमाल ट्रैक्टर के साथ नाबालिग आरोपी पकड़ाया
रामनगर थाना पुलिस ने मंगलवार शाम ट्रॉली चोरी के एक मामले में चोरी में इस्तेमाल ट्रैक्टर और चोरी हुई ट्रॉली को बरामद किया है। इस मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया, जिसे पूछताछ के बाद मुचलके पर रिहा कर दिया गया। थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि एक हफ्ते पहले 24 अगस्त को ग्राम भलवाही निवासी देव सिंह गोंड (56 वर्ष) ने रामनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि रात के समय कोई अज्ञात शख्स उनके घर के बाहर खड़ी ट्रॉली क्रमांक BAF-117319 चुरा ले गया है। चोरी हुई ट्रॉली की कीमत 1 लाख 25 हजार रुपए थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी और उनकी टीम लगातार चोर की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भेड़वाटोला गांव में छापेमारी की। वहां से चोरी में इस्तेमाल स्वराज ट्रैक्टर क्रमांक CG 31 C 2790 और चोरी हुई ट्रॉली को जब्त किया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया। पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसने जरूरत के लिए चोरी की थी। ट्रैक्टर को घर के पीछे बाड़ी में छुपाकर रखा गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर और ट्रॉली जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Read full article on Bhaskar