politics
अंता SDM के खिलाफ ACB में मामला दर्ज:प्लानिंग की जमीन पर लगी आपत्ति हटाने व एग्रीमेंट पर लगे स्टे को हटाने के बदले मांगी थी 5 लाख की रिश्वत
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अंता के SDM हवाई सिंह यादव के खिलाफ रिश्वत मांगने का केस दर्ज किया है। आरोप है कि हवाई सिंह यादव ने प्लानिंग की जमीन पर लगी आपत्ति हटाने और दूसरी जमीन के एग्रीमेंट पर लगे स्टे को हटाने के बदले 5 लाख रिश्वत मांगी थी। एसीबी के सत्यापन में एक मामले में 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। ट्रैप की भनक लगने के कारण रिश्वत की राशि का लेन-देन नहीं हो सका। एसीबी कोटा इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार ने बताया कि अगस्त 2026 में परिवादी ने शिकायत दी थी।जिसमें बताया कि प्लानिंग की जमीन पर पूर्व SDM की ओर से लगाई गई आपत्ति हटाने के बदले वर्तमान SDM द्वारा 5 लाख रुपए मांगे जा रहे हैं। वहीं, एक अन्य प्लानिंग की भूमि के एग्रीमेंट पर लगे स्टे को हटाने के लिए 50 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया गया। शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। इसमें स्टे हटाने के बदले 50 हजार रुपए मांगना पाया गया। परिवादी के राशि कम करने के विनती पर SDM 45 हजार रुपए लेने पर सहमत हुए और राशि कथित दलाल को देने के लिए कहा। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की भनक आरोपी SDM को लग गई। जिसके चलते रिश्वत का लेन-देन नहीं हो सका। मांग का सत्यापन होने पर एसीबी ने SDM के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत रिश्वत मांगने का प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच एसीबी बारां के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करेंगे।
Read full article on Bhaskar