politics
अयोध्या में किसान यूनियन का धरना पांचवें दिन भी जारी:बिरौलीझाम में गेट गिराने के विरोध में भानू गुट का प्रदर्शन, एसडीएम पर पक्षपात का आरोप
अयोध्या जिले की मिल्कीपुर तहसील के बिरौलीझाम गांव में मंजू देवी के लोहे के गेट को एसडीएम ने जेसीबी से गिरवा दिया था। इसके विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार 18 सितंबर शाम को भी पांचवें दिन जारी रहा। धरना स्थल पर किसानों की अच्छी-खासी संख्या है। किसान नेता लगातार प्रशासन की कार्रवाई को गलत बता रहे हैं। पांच दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन का कोई भी अधिकारी किसानों से मिलने नहीं पहुंचा है, जिससे किसान पदाधिकारियों में गुस्सा है। शुक्रवार शाम को धरने को संबोधित करते हुए भानू गुट के प्रदेश महासचिव रमेश तिवारी ने एसडीएम की कार्रवाई पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिरौलीझाम मामले में एसडीएम की कार्रवाई पूरी तरह से गलत और उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। रमेश तिवारी ने बताया कि आबादी की जमीन से जुड़े मामलों की सुनवाई सिर्फ सिविल कोर्ट कर सकता है। राजस्व अधिकारी को ऐसा गेट गिराने का अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी बड़े आदमी के दबाव में आकर प्रशासन ने एक गरीब परिवार को परेशान किया है। यह अधिकारियों को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि कानून ऐसे काम के लिए सजा जरूर देगा। यह गरीब और किसानों के सम्मान की लड़ाई है। तिवारी ने कहा कि यह धरना तब तक नहीं रुकेगा, जब तक कोई बड़ा अधिकारी मौके पर आकर निष्पक्ष जांच कर सही फैसला नहीं लेता। रमेश तिवारी ने जिले के सभी किसान संगठनों और सामाजिक संगठनों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर आज एक गरीब की आबादी पर बुलडोजर चलेगा, तो कल किसी और का भी नंबर आ सकता है। गांववालों के अनुसार, मंजू देवी का परिवार कई सालों से उस आबादी की जमीन पर रह रहा है। गेट सुरक्षा के लिए लगाया गया था। वहीं, प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है।
Read full article on Bhaskar