crime
अयोध्या में रोडवेज बस ने पिकअप को मारी टक्कर:मृतकों श्रद्धालुओं की संख्या पहुंची तीन, 15 घायलों को चल रहा इलाज
रामनगरी अयोध्या में हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या तीन पहुंच गई है। शुक्रवार शाम अयोध्या दर्शन-पूजन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप को पीछे से आ रही रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें दो की मौत हो गई थी, जबकि 16 लोग घायल हो थे। इलाज के दौरान एक और मृत्यु हो गई है। मृतकों में सुल्तानपुर के बिरनो थाना क्षेत्र के भैरोपुर निवासी सावित्री राजभर (60), सुरेश प्रजापति (60) और मरदह थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी कैलाश चौहान (60) शामिल हैं। गाजीपुर के मरदह और बिरनो थाना क्षेत्रों के 19 लोग 28 अक्टूबर को बोलेरो पिकअप से अयोध्या दर्शन-पूजन के लिए गए थे। 30 अक्टूबर की शाम संत लक्ष्मण दास के यहां आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के बाद सभी घर लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे उनकी पिकअप रामघाट बाईपास पर गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) स्थित भीखीपुर के दशमेश पेट्रोल पंप के सामने पहुंची। तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस (UP42CT6044) ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया। उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 16 लोगों का अयोध्या, वाराणसी के बीएचयू समेत अन्य अस्पतालों में उपचार चल रहा है। घायलों में पिकअप चालक जितेंद्र गुप्ता के अलावा रामचंद्र राजभर, दिनेश राजभर, राजेंद्र राजभर, मनोज गुप्ता, विनोद गौड़, गौरी राजभर, जवाहर राजभर, अंबिका राजभर और बब्बन राजभर निवासी भैरोपुर शामिल हैं। वहीं, जोगेंद्र कुशवाहा निवासी बल्लीपुर और मंगल यादव निवासी ढेबुआ भी घायल हुए हैं। तीन मौतों की खबर गांव पहुंचते ही भैरोपुर और रायपुर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों पर संवेदना जताने वालों का तांता लगा है। वहीं, घायलों के परिजन अस्पतालों में पहुंचकर अपनों का हाल जान रहे हैं। दर्शन के लिए निकले परिवारों पर लौटते समय ऐसा दुख टूटेगा, किसी ने इसकी कल्पना भी नहीं की थी।
Read full article on Bhaskar