crime
अयोध्या में निर्माणाधीन पानी की टंकी की मचान फिसली:25 फीट ऊंचाई से 10 मजदूर गिरे, 2 गंभीर; मेडिकल कॉलेज रेफर
अयोध्या जिले के विकास खण्ड हैरिंग्टनगंजक्षेत्र के डीह पूरे बीरबल के पूरे जंगल गांव में मंगलवार दोपहर जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी पर बड़ा हादसा हो गया। बारिश के कारण निर्माण कार्य में लगी पाढ़ (मचान) फिसलने से करीब 25 फीट की ऊंचाई से 10 मजदूर नीचे गिर गए। इस घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आठ अन्य को मामूली चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को पुलिस अपने वाहन से सीएचसी मिल्कीपुर लेकर पहुंची। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ, जब मजदूर टंकी की सीढ़ी का निर्माण कर रहे थे। हादसे में दिलीप राजपूत (26) पुत्र रामगुलाम निवासी नवाबगंज, थाना अजगैन, जिला उन्नाव और मनोज राजपूत (35) पुत्र श्रीपाल निवासी डकौली, थाना दही, जिला उन्नाव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अन्य आठ मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर राजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी मिल्कीपुर में चिकित्सक डॉ. अवनीश तिवारी ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी भी ली। जल निगम अयोध्या के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी मिली है और वह मौके पर जा रहे हैं। मौके पर पहुंचने के बाद घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।
Read full article on Bhaskar