crime
बी-फार्मा छात्रा पर कार चढ़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार:होंडा अमेज कार जब्त, भाई ने लगाया था छेड़छाड़ का आरोप
सुल्तानपुर में बी-फार्मा छात्रा और उसके भाई पर कार चढ़ाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे उसे पकड़ा। घटना में इस्तेमाल होंडा अमेज कार भी जब्त कर ली गई है। घायल छात्रा का लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। 23 सितंबर को स्कूटी सवार भाई-बहन को मारी थी टक्कर घटना 23 सितंबर की शाम करीब 5 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र में तिकोनिया पार्क के पास कलेक्ट्रेट के सामने हुई थी। यहां होंडा अमेज कार ने स्कूटी सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी थी। हादसे में बी-फार्मा की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजन उसे पहले राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। हालत गंभीर होने पर बाद में लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। भाई ने लगाया था पीछा करने का आरोप घायल छात्रा के भाई ने आरोप लगाया था कि अजीत सिंह पिछले दो-तीन महीने से उसकी बहन का पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। घटना के बाद गुरुवार को मिली शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर थाने में अजीत सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार जब्त की पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह की देखरेख में आरोपी की गिरफ्तारी और कार बरामद करने के लिए टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे मुख्य आरोपी अजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अजीत सिंह अमेठी जिले के रामगंज थाना क्षेत्र के भागेपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम अनिल सिंह है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल होंडा अमेज कार संख्या UP16CH1045 भी जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और कांस्टेबल विवेक जादौन शामिल रहे।
Read full article on Bhaskar