crime
बछड़े को वाहन ने टक्कर मारी, लोगों ने रास्ता रोका:अशोकनगर में सड़क से नहीं निकल पाए वाहन; गोवंश को गौशाला भेजा
अशोकनगर गुना रोड पर बरखेड़ी स्थित जिला न्यायालय के पास एक बछड़े को अज्ञात वाहन ने रविवार शाम टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बछड़े के पिछले दोनों पैर जख्मी हो गए और वह खड़ा नहीं हो पा रहा था। इस घटना के बाद लोग आक्रोशित हो गए। स्थानीय लोगों सहित कुछ अन्य लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने सड़क पर वाहन खड़े कर दोनों ओर से आने-जाने वाले यातायात को रोक दिया। इससे काफी देर तक चक्का जाम रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों ने बताया कि उन्होंने पशु चिकित्सालय के डॉक्टर को फोन किया था, लेकिन कोई इलाज के लिए नहीं पहुंचा। घटना की सूचना मिलने पर अशोकनगर कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने चक्का जाम कर रहे लोगों से बात की। उसी रास्ते से अपनी पिकअप लेकर निकल रहे संतोष कुशवाह बछड़े को गौशाला भेजने के लिए तैयार खड़े थे। पुलिस की मदद से और वहां मौजूद अन्य लोगों ने बछड़े को पिकअप वाहन में रखवाया। इसके बाद उसे गौशाला भेजा गया। बछड़े को पिकअप में रखने की प्रक्रिया शुरू होते ही यातायात जाम में फंसे लोगों को रास्ता दे दिया गया, जिससे दोनों ओर फंसे वाहन धीरे-धीरे निकल गए और जाम खुल गया।
Read full article on Bhaskar