crime
बंगाल: मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी ढेर
बंगाल: मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी ढेर क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस की छीनी पिस्तौल कोलकाता (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में, 17 वर्षीय लड़की के यौन उत्पीड़न और हत्या के आरोपी 23 वर्षीय युवक की पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को दी। यह घटना सोमवार रात गायघाटा में हुई, जहां उसे अपराध के दृश्य को फिर से समझने (रिकंस्ट्रक्शन) के लिए ले जाया गया था। अधिकारी ने बताया कि अचानक उसने एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें वह गोली लगने से घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि उसे चांदपारा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, 'किन परिस्थितियों में आरोपी ने पुलिस अधिकारी की रिवॉल्वर छीनी और गोलीबारी तक क्या-क्या हुआ, इसकी जांच की जाएगी। ' आरोपी को 11वीं कक्षा की छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न और हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। छात्रा का शव रविवार सुबह गायघाटा इलाके में एक पड़ोसी के घर के बाहर मिला था। लड़की शनिवार रात अपने घर के पास एक संगीत कार्यक्रम में गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता को एक फोन कॉल आया, जिसके बाद वह कार्यक्रम स्थल से निकल गई और उस रात घर नहीं लौटी। पश्चिम बंगाल में पिछले तीन महीनों में यह दूसरी ऐसी घटना है, जिसमें यौन उत्पीड़न का आरोपी अपराध के दृश्य को फिर से समझने (रिकंस्ट्रक्शन) के दौरान पुलिस से हथियार छीनकर भागने की कोशिश करते हुए पुलिस की गोलीबारी में मारा गया।
Read full article on Newsprahari