crime
भिंड में सर्पदंश से दो महिलाओं की मौत:घर में काम कर रही महिला और खेत में चारा काटते दम तोड़ा
भिंड जिले में शुक्रवार को सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई। देहात थाना क्षेत्र के बबेड़ी में घर में काम कर रही 55 वर्षीय महिला को सांप ने पैर में डस लिया। वहीं भारौली थाना क्षेत्र के नंदरौली गांव में खेत में चारा काट रही 34 वर्षीय महिला सर्पदंश का शिकार हो गई। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। देहात थाना क्षेत्र के सिद्ध बाबा का पुरा बबेड़ी निवासी नारायणी देवी बघेल (55) पत्नी कोकसिंह बघेल शुक्रवार को घर में काम कर रही थीं। इसी दौरान सांप ने उनके पैर में डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों को जानकारी मिलने के बाद उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नारायणी देवी को मृत घोषित कर दिया। मृतका के भतीजे जगमोहन पुत्र बहादुर सिंह बघेल ने बताया कि नारायणी देवी घर में काम कर रही थीं, तभी अचानक सांप ने पैर में डस लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खेत में चारा काटते समय अंगुली में डसा दूसरी घटना भारौली थाना क्षेत्र के नंदरौली गांव की है। यहां 34 वर्षीय सगुना पत्नी स्वर्गीय छुटंगी कुशवाह शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे खेत में चारा काट रही थीं। इसी दौरान सांप ने उनके हाथ की अंगुली में डस लिया। सर्पदंश के बाद सगुना की हालत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर उनके पिता लक्ष्मण सिंह कुशवाह उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सगुना को मृत घोषित कर दिया। बारिश में बढ़ जाता है सर्पदंश का खतरा लगातार बारिश के दौरान सांपों के बिलों में पानी भरने से वे बाहर निकलकर खेतों, घरों और आसपास के सूखे स्थानों पर पहुंच जाते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश का खतरा बढ़ जाता है। दोनों घटनाओं के बाद बारिश के मौसम में खेत और घरों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत सामने आई है।
Read full article on Bhaskar