top
भागलपुर- 3 हजार महिला को मिली दूसरी किस्त:भागलपुर में समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान, महिलाएं बोली- अब अपने पैर पर खड़ी हूं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान’ के तहत गुरुवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले की करीब तीन हजार महिलाओं को दूसरी किस्त के रूप में आर्थिक सहायता प्रदान की गई। राशि मिलने के बाद लाभुक महिलाओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। सरकार की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें स्वरोजगार तथा छोटे व्यवसाय से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। लाभुक महिलाओं ने बताया कि पहली किस्त की राशि का उपयोग उन्होंने अपने छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू करने या पहले से संचालित कारोबार को आगे बढ़ाने में किया। अब दूसरी किस्त मिलने से उन्हें अपने कारोबार को और विस्तार देने का अवसर मिलेगा। जीविका दीदियां बोलीं- आर्थिक सहायता मिलने के बाद उनके जीवन में बदलाव आया है कार्यक्रम में पहुंची जीविका दीदियों ने बताया कि आर्थिक सहायता मिलने के बाद उनके जीवन में बदलाव आया है। पवन जीविका स्वयं सहायता समूह की सचिव सुनीता देवी ने बताया कि पहली किस्त की राशि से उन्होंने किराना दुकान में निवेश किया। उन्होंने कहा कि पहले वे घरेलू महिला थीं, लेकिन जीविका समूह से जुड़ने के बाद सिलाई सहित अन्य कार्य करने का अवसर मिला। अब परिवार के सहयोग से किराना दुकान चला रही हैं। दूसरी किस्त की राशि का इस्तेमाल भी वह अपने व्यवसाय को बढ़ाने में करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद दिया। शिव समूह से जुड़ी सुजीता कुमारी ने बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उन्हें पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये मिले थे। उन्होंने इस राशि से ब्यूटी पार्लर का काम शुरू किया। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। अब दूसरी किस्त मिलने के बाद वह ब्यूटी पार्लर के लिए आवश्यक सामान खरीदकर कारोबार को और बेहतर तरीके से संचालित करेंगी। उन्होंने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। पहली किस्त से चाट की दुकान शुरू की, अब मुनाफा हो रहा है वहीं, मां गायत्री जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य नीतू देवी ने बताया कि पहली किस्त के रूप में मिली 10 हजार रुपये की राशि से उन्होंने चाट की छोटी दुकान शुरू की थी। दुकान से उन्हें मुनाफा हो रहा है। उन्होंने बताया कि दूसरी किस्त के तहत उन्हें सुधा दूध बिक्री केंद्र खोलने के लिए 60 हजार रुपये की राशि मिलने वाली है। इस राशि से वह नया व्यवसाय शुरू करेंगी। नीतू देवी ने बताया कि वह अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं और पति नहीं होने के कारण परिवार की जिम्मेदारी भी उनके ऊपर है। ऐसे में स्वरोजगार से होने वाली आय उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार की सहायता के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। महिलाओं ने कहा सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर भी है। वे प्राप्त राशि के साथ अपनी ओर से भी कुछ रकम जोड़कर कारोबार में निवेश करेंगी। इससे उनके मौजूदा व्यवसाय को मजबूती मिलेगी और भविष्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।
Read full article on Bhaskar