politics
भाजपा नेता बोले-देश का विभाजन, इतिहास का सबसे दुखद अध्याय:बांसवाड़ा जिलाध्यक्ष ने कहा- त्रासदी से सीख लेकर राष्ट्रहित को रखें सर्वोपरि
'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के मौके पर बांसवाड़ा के भाजपा जिला ऑफिस में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1947 के देश विभाजन के दौरान असंख्य लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मौजूद वक्ताओं ने इस त्रासदी को देश के इतिहास का सबसे दुखद अध्याय बताते हुए नई पीढ़ी को इससे जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। भाजपा नेता बोले- विभाजन एक गहरी मानवीय त्रासदी मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उदयपुर संभाग प्रभारी नाहरसिंह जोधा ने कहा कि 1947 का विभाजन केवल सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि यह करोड़ों लोगों की भावनाओं और जीवन को झकझोरने वाली मानवीय त्रासदी थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान लाखों लोगों ने प्राण गंवाए और करोड़ों विस्थापित हुए। उन्होंने कहा कि यह दिवस मनाने का उद्देश्य उन सभी के त्याग और बलिदान को याद रखना है, जिससे भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा न बनें और देश की एकता व अखंडता हमेशा अक्षुण्ण रहे। अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष पुंजीलाल गायरी ने कहा कि इस दर्द को याद रखना राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना है। भाजपा हमेशा राष्ट्रवाद और सामाजिक समरसता के लिए कार्य करती है। प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा और अभियान जिला संयोजक नरेन्द्र वैष्णव ने भी विचार रखते हुए कहा कि ऐसी विभाजनकारी सोच राष्ट्र के लिए घातक है और वर्तमान पीढ़ी को इतिहास के इन अध्यायों से परिचित कराना बेहद जरूरी है। इनकी रही मौजूदगी संगोष्ठी में पूर्व मंत्री धनसिंह रावत, दलीचंद मईड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत पुरी, लाभचंद पटेल, एसटी मोर्चा प्रदेश महामंत्री राजेश कटारा, पूर्व राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा कटारा, प्रदेश प्रवक्ता मुकेश रावत, जिला महामंत्री किरण जोशी, जयपालसिंह डाबी, पूर्व विधायक हरेन्द्र निनामा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट दीपक जोशी ने किया और आभार जिला प्रवक्ता मनोहर व्यास ने ज्ञापित किया। कार्यक्रम की शुरुआत 'वंदे मातरम' और समापन 'राष्ट्रगान' के साथ हुआ।
Read full article on Bhaskar