politics
भाजपा पार्षद ने भरा आजाद उम्मीदवार के रूप में फॉर्म:भादरा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए उठापटक तेज, बोर्ड गठन पर सस्पेंस
हनुमानगढ़ के भादरा नगर पालिका चुनाव नतीजों के बाद अध्यक्ष पद को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। भाजपा ने 16 पार्षदों के साथ जीत दर्ज की है, जबकि 6 समर्थित पार्षद भी जीते हैं। इसके बावजूद पार्टी के लिए बोर्ड बनाना मुश्किल दिख रहा है। निवर्तमान उपाध्यक्ष और भाजपा पार्षद बलवंत सैनी ने मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए आजाद उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर पार्टी की अंदरूनी खींचतान को उजागर कर दिया है। नामांकन के बाद बलवंत सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा के अध्यक्ष पद के दावेदार वार्ड नंबर 31 के पार्षद मांगीलाल गोयल पर गंभीर आरोप लगाए। सैनी ने कहा कि उनके छोटे भाई सुरेंद्र वार्ड नंबर 34 से चुनाव लड़ रहे थे, उसे हराने में मांगीलाल गोयल की खास भूमिका थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास इसके सबूत हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक किया जाएगा। बलवंत सैनी ने साफ किया कि वे भाजपा से जुड़े हैं और पार्टी का कोई भी सदस्य अध्यक्ष बनता है तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी के सामने झुकने या 'गद्दार' कहलाने के बजाय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना पसंद करेंगे। उनके इस बयान से भाजपा के अंदरूनी विवाद और बढ़ने के आसार हैं। माकपा और कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को उतारा दूसरी ओर, विपक्षी खेमे ने भी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपनी रणनीति तय कर ली है। माकपा और कांग्रेस ने मिलकर 'इंडिया गठबंधन' के उम्मीदवार के तौर पर वार्ड नंबर 28 से जीते आजाद पार्षद नरेंद्र उर्फ लीडर को मैदान में उतारने का फैसला किया है। नरेंद्र बुधवार को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन भरेंगे। इस स्थिति में भाजपा के पास संख्या बल होने के बावजूद, बागी उम्मीदवार के आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब देखना होगा कि भाजपा अपने पार्षदों को कितना एकजुट रख पाती है और अध्यक्ष पद के चुनाव में किस पक्ष को बहुमत का साथ मिलता है।
Read full article on Bhaskar