politics
भाजपा से दो बार पार्षद रहे अशोक कांग्रेस में शामिल:वार्ड बदलने से थे नाराज; बोले- पार्टी में मेरी बात सुनने वाला कोई नहीं
नगर निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद सियासी समीकरण बदलने लगे हैं। बीजेपी से दो बार और निर्दलीय एक बार पार्षद रहे अशोक दर्जी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा- वह 53 नंबर वार्ड से तीन बार जीत चुके हैं, लेकिन बीजेपी उन्हें वार्ड नंबर 1 से चुनाव लड़ने के लिए कह रही थी। पार्टी में उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं था। इधर, कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों के लिए प्रबंधन कमेटी बनाई है, जिसका संयोजक मांगीलाल जैन को बनाया गया है। वहीं बीजेपी ने भी जिला स्तर की कमेटी फाइनल कर प्रदेश स्तर पर भेज दी है। मंत्री के.के. विश्नोई ने कार्यकर्ताओं को मैदान में उतरकर जनता से संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, बुधवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। इसके बाद दोनों पार्टियों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे पार्षद दावेदार वार्डों में जाकर लोगों से संपर्क साध रहे हैं। पार्षदों और बड़े नेताओं के वार्ड आरक्षित होने से कई दावेदारों को अपना वार्ड बदलना पड़ रहा है। कुछ नेताओं को खुद की जगह अपनी पत्नियों को भी चुनाव मैदान में उतारना पड़ रहा है। कांग्रेस में शामिल हुए बीजेपी पार्षद अशोक दर्जी कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन कमेटी ने दो बार बीजेपी से पार्षद रहे अशोक दर्जी को पार्टी में शामिल किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदाराम, प्रबंधन कमेटी के संयोजक मांगीलाल जैन, सह संयोजक दीपक माली, रिड़मल सिंह और वी.वी. सिंह समेत अन्य नेता मौजूद रहे। अशोक दर्जी ने कहा - वह बीजेपी से वार्ड नंबर 53 से टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी उन्हें वार्ड नंबर 1 से चुनाव लड़ने के लिए कह रही थी। उन्होंने कहा कि वह वार्ड 53 से तीन बार चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन पार्टी में उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। दो बार बीजेपी, एक बार निर्दलीय जीते अशोक दर्जी दो बार बीजेपी के टिकट पर पार्षद रह चुके हैं। साल 2019 के नगर निकाय चुनाव में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। उस समय कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था और अशोक दर्जी को समर्थन दिया था। हालांकि, लोकसभा चुनाव के दौरान वह बीजेपी की पार्टी बैठकों में शामिल हो गए थे। बीजेपी जिलाध्यक्ष बोले- अशोक से एक बार बात करूंगा बीजेपी जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई ने कहा - अभी पार्टी की ओर से किसी भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी से टिकट को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा- अशोक दर्जी से मैं एक बार बात भी करूंगा।
Read full article on Bhaskar