top
बिहार दिनभर, 10 बड़ी खबरें:बिहार के 8 जिलों में मंडराया बाढ़ का खतरा, SUV से पुलिस को कुचलने की कोशिश, पत्नी का मर्डर
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर गंडक नदी से जुड़ी है। नेपाल में बाढ़ की वजह से गंडक नदी का जलस्तार बढ़ने की संभावना है। इससे बिहार में हाईअलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भागलपुर में गंगा नदी में 21 मजदूरों से भरी नाव पलट गई। सुपौल में तेज रफ्तार कार ने 6 लोगों को रौंद दिया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा... 1. नेपाल में बाढ़ से तबाही, बिहार में हाईअलर्ट चीन के तिब्बत से आई अचानक बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले में भारी तबाही मचाई है। भोटेकोशी नदी का पानी अचानक बढ़ने से टिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाके के कई घरों, बाजारों और दूसरी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। इसमें कई लोगों के बहने की भी खबर है। जिससे कई गांव और जलविद्युत परियोजनाएं बह गई हैं। नेपाल में बाढ़ की वजह से बिहार में हाईअलर्ट जारी किया गया है। बगहा में 2 से 3 घंटे के अंदर गंडक नदी में इसका असर दिखाई दे सकता है। इसे लेकर प्रशासन हाईअलर्ट जारी किया है। वाल्मीकिनगर बराज की सुरक्षा बढ़ाई गई है। पूरी खब पढ़ें 2. भागलपुर में 21 मजदूरों से भरी नाव पलटी भागलपुर में बुधवार को 21 मजदूरों से भरी नाव पलट गई। सभी मजदूर मंत्री बुलो मंडल के गांव में कटाव के काम में लगे थे। नाव पर बोरियों में रेत रखी गई थी। पानी के कटाव को रोकने के लिए मजदूर रेत की बोरियों को गंगा नदी में डाल रहे थे। बोरियों को नदी में डालने के दौरान अचानक एक हिस्से का वजन कम हुआ। नाव अचानक से दूसरी और पलट गई। एक-एक कर के सभी मजदूर नदी में गिर गए। पूरी नाव भी गंगा में समा गई। SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 19 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दो मजदूर अब भी लापता है। पूरी खबर पढ़ें 3. कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने रौंदा,5 की मौत सुपौल में तेज रफ्तार कार ने 6 लोगों को रौंद दिया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा कटैया चौक के पास NH-327E किनारे स्थित बजरंगबली मंदिर के पास हुआ। मंगलवार की रात कुछ लोग बजरंगबली मंदिर के पास सड़क किनारे बैठकर कीर्तन कर रहे थे। तभी अनियंत्रित कार 6 लोगों को रौंदते हुए एक गैराज में जा घुसी। एक्सीडेंट के बाद कार चालक उसकी पत्नी और दो बच्चों को लोगों ने पकड़ लिया। सुरक्षा के लिहाज से तीनों को पास के ही एक दुकान में ले जाकर शटर गिराकर बंद कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 4. चिराग ने राजू तिवारी को प्रदेश अध्यक्ष से हटाया चिराग पासवान ने अपनी पार्टी लोजपा (रामविलास) के बिहार और झारखंड सहित कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। राजू तिवारी से अब बिहार की कमान ले ली गई है। एलजेपी (आर) ने सुरेंद्र विवेक को अब बिहार प्रदेश का नया अध्यक्ष बनाया है। राजू तिवार को अब राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वे पिछले 5 साल से इस पद पर थे। सुरेंद्र विवेक बेगूसराय के साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र से 2 बार पार्टी के कैंडिडेट रह चुके हैं। ये भूमिहार समाज से आते हैं। राजू तिवारी को राष्ट्रीय कार्यसमिति में महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। पूरी खबर पढ़ें 5. शराब तस्करों ने की पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश बक्सर में शराब तस्करों ने वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। तस्कर शराब से लदी महिंद्रा एक्सयूवी कार लेकर भाग रहे थे। यह पूरी घटना चेकपोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, तस्कर महिंद्रा SUV कार में शराब की खेप छिपाकर बिहार में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन तस्कर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए वहां से भाग निकले। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। पूरी खबर पढ़ें 6. तलाकशुदा गर्लफेंड के लिए युवक ने दी जान मध्य प्रदेश शाजापुर के सुजालपुर मंडी रहने वाले एक युवक ने बिहार के बगहा में अपनी गर्लफ्रेंड के घर आकर सुसाइड कर लिया है। मृतक की पहचान शेखर राठौर(23) के रूप में हुई है। शेखर मंगलवार की शाम 1,121 किलोमीटर की दूरी तय कर तलाकशुदा प्रेमिका के घर पहुंचे। प्रेमिका ने जब शादी से मना किया तो उसने जहर पी ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बेतिया रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। शेखर की 2 साल पहले फेसबुक पर बगहा के डीह डोमवलिया की रहने वाली प्रीति कुमारी से बातचीत हुई थी। पूरी खबर पढ़ें 7. मुजफ्फरपुर में 8वीं क्लास के तीन छात्र लापता मुजफ्फरपुर के बोचहां स्थित इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल से मंगलवार को छुट्टी के बाद आठवीं कक्षा के तीन छात्र अचानक लापता हो गए। तीनों बच्चे छुट्टी के बाद स्कूल परिसर से बाहर निकलते सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसके बाद वे कहां गए, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। तीनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने स्कूल पहुंचकर खोजबीन की। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर तीनों के परिजनों ने बोचहां थाने में आवेदन दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरी खबर पढ़ें 8. पति बोला- बेटी हुई है,लड़की बुलाकर डांस करवाऊंगा समस्तीपुर में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। बेटी जन्म होने के बाद घर में पार्टी चल रही थी। इस बीच पति वहां शराब के नशे में पहुंचे। उसने पत्नी से कहा कि वो खुशी के मौके पर वो आर्केस्ट्रा करवाना चाहता है और अपने दोस्तों को शराब पार्टी देना चाहता है। पत्नी ने इन सब चीजों के लिए पैसे देने से मना कर दिया। उसके बाद गुस्से में पति ने पत्नी की आंख में गोली मार दी। मृतका की पहचान सूरज सहनी की पत्नी अंजुला कुमारी(26) के रूप में हुई है। पांच साल पहले शादी हुई थी। दो बेटों के बाद तीसरी संतान के रूप में बेटी का जन्म हुआ था। घटना हलई थाना क्षेत्र के चलालशाही वार्ड-6 की है। पूरी खबर पढ़ें 9. महिलाओं के स्टार्टअप के लिए 2 लाख तक देगी सरकार रक्षा बंधन से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की महिलाओं और बेटियों के लिए कई ऐलान किए हैं। राज्य सरकार ने अगले 3 वर्षों में राज्य की 1 करोड़ महिलाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का संकल्प लिया है। बेटियों को अपना नया स्टार्टअप शुरू करने के लिए ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना’ के तहत 50 हजार से लेकर 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही, स्कूल-कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ (अभया ब्रिगेड) की तैनाती की जाएगी, जिन्हें 4700 स्कूटी और मोटरसाइकिलें दी जाएंगी। पूरी खबर पढ़ें 10. बिहार के 27 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी गुरुवार को बिहार के 27 जिलों में बारिश का ऑरेंट अलर्ट जारी किया है। इसमें पूर्वी पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, पटना आदि जिले शामिल हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है।
Read full article on Bhaskar