crime
भारत माला रोड पर 11 बछड़ों की तस्करी:पिकअप में ठूंसकर बूचड़खाना ले जा रहे, पीछा कर पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा
कांकेर जिले के दुधावा चौकी क्षेत्र में गौवंश तस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस ने 11 बछड़ों को पिकअप में क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाना ले जाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने पतासाजी के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मामला 10 अगस्त का है। शांतिनगर कांकेर निवासी प्रदीप कुमार साहू ने दुधावा चौकी में सूचना दी थी कि भारतमाला रोड के रास्ते एक सफेद पिकअप में गौवंशों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद प्रदीप अपने साथियों के साथ ग्राम शामतरा स्थित निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास पहुंचे। वाहन रोकने की कोशिश की तो तेज रफ्तार में भागे इसी दौरान धमतरी की ओर से पिकअप क्रमांक CG 24 K 6588 आती दिखाई दी। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पीछा करने पर आरोपी दुधावा भारतमाला रोड ब्रिज से करीब 300 मीटर आगे निर्माणाधीन सड़क पर पिकअप छोड़कर फरार हो गए। तिरपाल के नीचे ठूंसकर रखे थे 11 बछड़े पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसके पिछले हिस्से में नीले रंग के तिरपाल से ढककर 11 छोटे बछड़े रखे मिले। पुलिस के अनुसार, बछड़ों को बेतरतीब और क्रूरतापूर्वक ठूंसकर रखा गया था। उनके लिए पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। फरार आरोपियों की तलाश के बाद गिरफ्तारी घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच और पतासाजी के आधार पर पुलिस ने झमेश्वर साहू (30), निवासी बोडरा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी और ताराचंद साहू (26), निवासी दरगहन, थाना केरेगांव, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर लिया। कृषिक पशु परिरक्षण और पशु क्रूरता अधिनियम में केस दुधावा चौकी में अपराध क्रमांक 166/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।
Read full article on Bhaskar