crime
बृहस्पति कुंड में सतना और बांदा के पर्यटकों में मारपीट:पहले आगे जाने की होड़ में भिड़े, जमकर चले लात-घूंसे
पन्ना जिले का विश्वप्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड शनिवार, 29 अगस्त को पर्यटकों के बीच हुई हिंसक झड़प के कारण सुर्खियों में आ गया। कुंड के मनोरम दृश्यों और झरने का दीदार करने पहुंचे सतना और बांदा जिले के सैलानियों के बीच 'पहले आगे जाने' की होड़ में जमकर मारपीट हुई। जानकारी के अनुसार, बृहस्पति कुंड में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान झरने और कुंड के मुख्य व्यू प्वाइंट के करीब सबसे पहले पहुंचने की होड़ को लेकर मध्य प्रदेश के सतना और उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से आए युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी नरेंद्र कुमार और मयंक के मुताबिक, बांदा से आए सैलानियों ने सतना के युवकों पर हमला किया, जिसके बाद दोनों ओर से लात-घूंसे चले। इस मारपीट के कारण वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद अन्य सैलानियों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि सुरक्षा के अभाव में युवक बेखौफ होकर एक-दूसरे पर हावी हो रहे थे। बृहस्पति कुंड प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जितना प्रसिद्ध है, सुरक्षा व्यवस्था के मामले में उतना ही उपेक्षित है। पर्यटकों की भारी आवाजाही के बावजूद यहां स्थायी पुलिस चौकी या सुरक्षाकर्मियों की तैनाती नहीं है। स्थानीय निवासियों और जिम्मेदार पर्यटकों ने प्रशासन से ऐसे संवेदनशील पर्यटन स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। वही इस पूरे मामले में बृजपुर थाना प्रभारी सोनम शर्मा के अनुसार, घटना के सबंध में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित या मौखिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलते ही वीडियो के आधार पर जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar