crime
भदोही में ट्रक-कार की टक्कर, युवक की मौत:महिला समेत तीन घायल, प्रयागराज से बेटी की विदाई कराकर लौट रहा था परिवार
भदोही में मंगलवार शाम करीब 6 बजे नेशनल हाईवे पर ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के किशुनदेवपुर स्थित ओम पब्लिक स्कूल के पास का है। जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर के चुनार स्थित लाल दरवाजा वार्ड नंबर-1 निवासी बिहारी सोनकर (50) अपनी बेटी मोनिका (20) की विदाई कराने प्रयागराज गए थे। उनके साथ भतीजा सागर (25) भी था। विदाई कराने के बाद तीनों किराए की कार से चुनार लौट रहे थे। कार नसीम अहमद (32) चला रहे थे। बताया गया कि किशुनदेवपुर स्थित ओम पब्लिक स्कूल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर नेशनल हाईवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने बिहारी सोनकर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोनिका और सागर को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं कार चालक नसीम अहमद को मामूली चोटें आईं और उनका उपचार किया गया। ट्रक चालक मौके से फरार सूचना पर गोपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कार को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
Read full article on Bhaskar