politics
BJP महामंत्री बोले-चुनाव में कार्यकर्ता 14-घंटे संगठन को दें:भीलवाड़ा में निगम के 70 वार्डों में लगेंगे प्रभारी-संयोजक
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी ने भीलवाड़ा में कहा- चुनाव सामने हैं। कार्यकर्ता अब 24 घंटे में से कम से कम 14 घंटे संगठन को दें और एक-एक मिनट की योजना बनाकर चुनाव में जुट जाएं। हरीश द्विवेदी बुधवार को भीलवाड़ा बीजेपी जिला कार्यालय पर जनप्रतिनिधियों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों सहित निकायों से संबंधित पालिकाध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों की बैठक में बोल रहे थे। भीलवाड़ा जिले की एक नगर निगम और 10 नगर पालिकाओं में होने वाले निकाय चुनावों को लेकर भाजपा जिला संगठन अलर्ट है। पदाधिकारियों को इशारों में दी नसीहत बैठक में पदाधिकारियों की ओर इशारा करते हुए हरीश द्विवेदी ने नसीहत के अंदाज में कहा- चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों और शीर्ष पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्हें जिला स्तर के पदाधिकारियों से लेकर मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और एकजुटता के वातावरण निर्माण का कार्य प्राथमिकता से करना है। अपनी पूरी ताकत निकाय चुनावों में झोंकनी है। जीत पार्टी की होगी। राष्ट्रीय महामंत्री द्विवेदी ने कहा- चुनाव के मद्देनजर शीर्ष नेतृत्व द्वारा निर्देशित कार्यक्रमों के तहत 21 अगस्त तक निकाय और बूथ स्तर तक बैठकें आयोजित करनी है। 25 अगस्त तक नगर निगम सहित सभी नगर पालिका क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन किया जाना है। इससे पहले उन्होंने संबंधित मंडल, शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का आह्वान किया। चुनाव प्रबंधन समितियों के गठन के दिशा निर्देश दिए द्विवेदी ने नगर निकाय चुनावों के तहत जिला स्तर पर कोर कमेटी के गठन के साथ ही नगर निगम सहित अन्य दस नगरपालिका क्षेत्र में चुनाव प्रबंधन समितियों के गठन के दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा- इन समितियों में चुनाव संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाए, जो चुनाव पूर्व एवं चुनाव की तिथि के दिन मतदान केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संपादित करे। उन्होंने निकाय स्तर पर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों एवं नव मतदाताओं से विशेष रूप से संपर्क के साथ ही वार्ड स्तर पर समस्त मतदाताओं से चौपाल एवं मोहल्ला बैठकों एवं व्यक्तिगत रूप से रुबरु होने की कार्य योजना बनाने की बात कही। इसके अलावा पार्टी की विचारधारा से नए लोगों को जोड़कर नवीन सदस्य बनाने पर भी उन्होंने जोर दिया। निकाय चुनावों में भी कांग्रेस मुक्त होगा भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा- भाजपा जिला संगठन सदैव प्रदेश में अग्रणी रहा है और लोकसभा, विधानसभा चुनावों में जिले को कांग्रेस मुक्त किया है।निकाय चुनावों में भी इस क्रम को बरकरार रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी ने किया एवं आभार जिला महामंत्री अविनाश जीनगर ने प्रकट किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। 70 वार्डों में प्रभारी, संयोजक और पालिका स्तर पर समन्वयक भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने बताया- निकाय चुनाव में संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार करने के लिए नगर निगम के 70 ही वार्डों में गुरुवार को प्रभारी एवं संयोजक लगाए जाएंगे। इसी प्रकार नगर पालिका स्तर पर समन्वयक एवं प्रभारी की घोषणा भी कल की जाएगी। ये दो से तीन दिन के भीतर संबंधित वार्ड या पालिका स्तर पर सर्वे करने के साथ ही इच्छुक दावेदारों से आवेदन प्राप्त कर जिला संगठन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। ये रहे मंच पर मौजूद बैठक के दौरान संभाग चुनाव सह प्रभारी विष्णु चेतानी, लालचंद कटारिया, जिला संगठन प्रभारी संजय जैन, सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, विधायक जब्बरसिंह सांखला, लादूलाल पीतलिया, उदयलाल भडाना, लालाराम बैरवा, गोपाल खंडेलवाल, पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया, पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, रामलाल गुर्जर, बी आर चौधरी, बद्रीप्रसाद गुरुजी, पूर्व महापौर राकेश पाठक भी मंचासीन रहे।
Read full article on Bhaskar