crime
बकस्वाहा में चोरों ने 6 बिजली के खंभे तोड़े:113 गांवों की बिजली बंद, 350 मीटर तार ले गए, कर्मचारी पहुंचे तो 500 मीटर छोड़कर भागे
छतरपुर जिले के बकस्वाहा ब्लॉक के करीब 113 गांवों में सोमवार रात से बिजली पूरी तरह ठप है। बटियागढ़ से बकस्वाहा आ रही मुख्य बिजली लाइन से चोरों ने दूल्हादेव और नीमन तिगड्डा के बीच 5-6 सीमेंट के खंभे तोड़कर करीब 350 मीटर एल्युमीनियम का तार चुरा लिया। चोर लगभग 850 मीटर तार समेटने के चक्कर में थे, लेकिन लाइन में फॉल्ट की खबर मिलते ही बिजली कंपनी की टीम मौके पर पहुंच गई। खुद को घिरता देख चोर करीब 500 मीटर तार सड़क किनारे ही छोड़कर रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में अंधेरा छाया हुआ है और कंपनी की टीम शाम तक सप्लाई चालू करने में जुटी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोरों ने पहले मुख्य बिजली लाइन पर रस्सी फेंककर फॉल्ट पैदा किया, जिससे अपने आप बिजली कट गई। इसके बाद बेखौफ चोरों ने 5 से 6 सीमेंट के खंभे गिरा दिए और तार समेटना शुरू कर दिया। वे करीब 850 मीटर तार ले जाने की फिराक में थे, लेकिन कर्मचारियों की ऐन मौके पर एंट्री से उनकी मंशा अधूरी रह गई। हड़बड़ी में वे 500 मीटर तार छोड़कर सिर्फ 350 मीटर तार ही ले भाग पाए। बंद पड़े इनवर्टर और पानी की सप्लाई प्रभावित अचानक मुख्य लाइन कटने से बकस्वाहा ब्लॉक के 113 गांवों की बत्ती गुल हो गई है। रातभर बिजली न रहने से सुबह तक घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। इससे ग्रामीणों को पीने का पानी भरने, मोबाइल चार्ज करने और खेती-किसानी से जुड़े कामों में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग बिजली बहाल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बटियागढ़ थाने में केस दर्ज मामला बटियागढ़ थाना क्षेत्र का होने के कारण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है। इधर, बकस्वाहा बिजली केंद्र के जेई राहुल अहिरवार ने बताया कि नए खंभे लगाने और तार जोड़ने का काम चल रहा है। अधिकारियों की निगरानी में पूरा अमला जुटा है और मंगलवार शाम तक बिजली सप्लाई बहाल करने की पूरी कोशिश की जा रही है।
Read full article on Bhaskar