top
बकाया वेतन मांगने पर निजी गनर को ऑफिस में बंद:खुसरो कॉलेज चेयरमैन शेर अली जाफरी पर चाकू से हमले का आरोप, SSP के आदेश पर FIR
बरेली में बकाया वेतन मांगने पर एक निजी गनर के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने का आरोप लगा है। सीबीगंज पुलिस ने खुसरो पीजी कॉलेज के चेयरमैन शेर अली जाफरी के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई SSP अनुराग आर्य के आदेश पर हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिवनगर कॉलोनी के रहने वाले योगेश गुप्ता ने बताया कि वह करीब एक साल से शेर अली जाफरी के यहां निजी गनर के तौर पर काम कर रहा था। उसकी हर महीने की सैलरी 28 हजार रुपये तय हुई थी। योगेश का आरोप है कि 1 मार्च से 22 अगस्त 2026 तक की करीब छह महीने की सैलरी, कुल 1,60,533 रुपये, उसे नहीं दी गई। वह लगातार पेमेंट मांग रहा था। योगेश के मुताबिक, 22 अगस्त को वह सीबीगंज स्थित खुसरो पीजी कॉलेज पहुंचा और बकाया वेतन मांगा। आरोप है कि इससे नाराज होकर शेर अली जाफरी ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे ऑफिस में बंद कर दिया। इसके बाद डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया। पीड़ित ने बताया कि इसी दौरान घास काटने वाले चाकू से उस पर हमला किया गया। बचाव करते समय उसकी कलाई कट गई। उसने यह भी आरोप लगाया है कि उसे जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई। योगेश का कहना है कि सीबीगंज थाने में शिकायत के बाद तुरंत कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने SSP से शिकायत की। SSP के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया। वहीं, शेर अली जाफरी ने इन आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि योगेश ने करीब दो महीने कुछ दिन काम किया था और उसका पेमेंट चेक से किया जा चुका है। उन्होंने योगेश के खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज कराने की बात भी कही। पुलिस के अनुसार, आरोपों और चोट के तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar