crime
बख्तियारपुर दुकान में भीषण आग, अंदर महिलाएं फंसी:बचाव कार्य जारी; फायर ब्रिगेड, SDPO मौके पर पहुंचे
पटना के बख्तियारपुर के पुरानी बाईपास इलाके में शनिवार शाम करीब 6:30 बजे एक दुकान में भीषण आग लग गई। यह दुकान पंकज कुमार की बताई जा रही है। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, आग तेजी से फैली। दुकान के अंदर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई। मौके से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि दुकान के भीतर अन्य महिलाओं के भी मौजूद होने की सूचना मिली है। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। बख्तियारपुर और अटवाल गोला से अग्निशमन दल की छोटी गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाढ़-2 के SDPO आयुष श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे। बख्तियारपुर थाने की पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद है और पूरे हालात पर नजर रख रही है। फिलहाल, आग लगने के कारणों और दुकान के अंदर फंसे अन्य लोगों की वास्तविक स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अग्निशमन दल आग पर काबू पाने के साथ-साथ अंदर फंसे किसी अन्य व्यक्ति की तलाश में राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है।
Read full article on Bhaskar