crime
बालाघाट में 22 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार:ओडिशा के आरोपियों से 11 लाख का मादक पदार्थ बरामद, नेटवर्क की तलाश
बालाघाट। जिले में मादक पदार्थ गांजे के खिलाफ मंगलवार को चांगोटोला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा के झारबंध थाना अंतर्गत संकरी निवासी दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों जयकुमार पिता कांतिलाल नायक (34) और दुलामनी पिता राजेश गुआल (26) को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 11 लाख 14 हजार रुपये कीमत का 22 किलो 290 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। चांगोटोला थाना प्रभारी मांगीलाल भाटी ने बताया कि पुलिस को थाना क्षेत्र के पाद्रीगंज स्थित आरआरआर ठाकुर ब्रदर्स ढाबा में दो संदिग्ध व्यक्तियों के होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पिट्ठू बैग से अलग-अलग प्लास्टिक की पॉलीथीन में रखा अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे गांजे के स्रोत (सोर्स) के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही, आरोपियों के गांजा सप्लाई नेटवर्क, उनसे जुड़े लोगों और पूरी सप्लाई चेन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम इस मामले की आगे की जांच के लिए आरोपियों को लेकर ओडिशा भी जाएगी। इसका उद्देश्य पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करना और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करना है।
Read full article on Bhaskar