top
बेलरायां चीनी मिल का पेराई सत्र 15 नवंबर से शुरू:70 लाख क्विंटल गन्ना पेराई और 7.70 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन का लक्ष्य
लखीमपुर-खीरी के सरजू सहकारी चीनी मिल बेलरायां में आगामी पेराई सत्र की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को डीएम और मिल अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई वार्षिक सामान्य निकाय बैठक में 15 नवंबर 2026 से 8 अप्रैल 2027 तक 144 दिन पेराई सत्र चलाने का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान 70 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई और 11 प्रतिशत रिकवरी के साथ 7.70 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया। बैठक में मिलगेट समेत 32 गन्ना खरीद केंद्र सुरक्षित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसके साथ ही पलिया चीनी मिल के 7, गुलरिया के 18 और ऐरा चीनी मिल के 9 खरीद केंद्रों के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। मिल की वित्तीय स्थिति की समीक्षा में बताया गया कि पिछले वित्तीय वर्ष में मिल ने 28 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है। डीएम ने इसे किसानों, श्रमिकों, कर्मचारियों और मिल प्रबंधन के सामूहिक प्रयासों का नतीजा बताया। उन्होंने मिल की तकनीकी क्षमता बढ़ाने और व्यवस्थाओं को और बेहतर करने पर जोर दिया। नए बॉयलर और टरबाइन लगाने का प्रस्ताव मिल के पुराने बॉयलरों को हटाकर नए बड़े बॉयलर और टरबाइन लगाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। प्रदूषण नियंत्रण के लिए तय मानकों के अनुसार वेट स्क्रबर लगाने पर भी बात हुई। इसके अलावा लखहा, तिकुनियां, निघासन और गजियापुर में चार नए खाद गोदाम बनाने और चार पुराने गोदामों की मरम्मत का प्रस्ताव भी रखा गया। किसानों को समय पर भुगतान की प्राथमिकता निघासन विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि मिल का समय पर चलना और किसानों को गन्ने का समय पर भुगतान प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने किसानों को समय से बीज उपलब्ध कराने और पेराई सत्र के दौरान किसी तरह की दिक्कत न होने देने पर जोर दिया। डीएम ने निर्देश दिए कि गन्ना किसानों के भुगतान में अनावश्यक देरी न हो और तय समय में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। किसानों की आय बढ़ाने के लिए एफपीओ के जरिए बाजार से जोड़ने, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और मूल्य बढ़ाने को बढ़ावा देने की बात भी कही गई। बैठक में नए एवं वारिस सदस्यों को गन्ना आपूर्ति की सुविधा, नाबार्ड योजना के तहत पात्र किसानों का शेयर जमा कराकर ऋण सीमा बढ़ाने, कैन कैरियर पर बैलगाड़ी व डनलप से गन्ना उतारने के लिए छोटे अनलोडर खरीदने तथा यार्ड के गड्ढों की मरम्मत समेत अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। 15 अक्टूबर तक मरम्मत पूरी करने के निर्देश बैठक के बाद डीएम अंजनी कुमार सिंह ने विधायक शशांक वर्मा के साथ चीनी मिल का निरीक्षण किया। उन्होंने मिल हाउस, पावर हाउस समेत विभिन्न इकाइयों में चल रहे मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों का जायजा लिया। डीएम ने सभी मरम्मत कार्य 15 अक्टूबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद 15 दिन का ट्रायल चलाकर मशीनरी की कार्यक्षमता परखने को कहा, ताकि पेराई सत्र शुरू होने पर तकनीकी दिक्कत न आए। उन्होंने जर्जर उपकरणों को बदलने, अनुपयोगी स्क्रैप का नियमानुसार निस्तारण कराने और भंडारण व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र, प्रधान प्रबंधक राजेश कुमार, चीफ इंजीनियर, चीफ केमिस्ट, मुख्य लेखाकार और सीसीओ समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar