crime
बुलंदशहर में गंदे पानी में रखा मिलावटी पनीर बरामद:खाद्य विभाग ने छापेमारी की, 200 किलो पनीर नष्ट कराया
बुलंदशहर में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के कलाखुरी गांव स्थित चौधरी डेयरी पर खाद्य विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की। जांच के दौरान डेयरी परिसर में गंदगी और कई अनियमितताएं मिलीं। टीम ने संदिग्ध पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे और 200 किलो पनीर मौके पर नष्ट करा दिया। गंदे पानी की होदी में रखा मिला पनीर सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 ममता चौधरी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि पनीर को बेहद गंदे पानी से भरी होदी में रखा गया था। इस पर उन्होंने डेयरी संचालक को फटकार लगाई और मौके पर ही होदी तुड़वा दी। टीम ने पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस डेयरी से पहले भी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। कार्रवाई रोकने को लेकर भाजपा नेता से नोकझोंक छापेमारी के दौरान एक स्थानीय भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान खाद्य विभाग की टीम से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि नेता ने सहायक आयुक्त ममता चौधरी को फोन पर अन्य भाजपा नेताओं से बात कराकर कार्रवाई रुकवाने का प्रयास किया। हालांकि, खाद्य विभाग की टीम ने किसी भी दबाव में आए बिना कार्रवाई जारी रखी। 200 किलो पनीर मौके पर कराया नष्ट खाद्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य के लिए अनुपयुक्त पाए गए करीब 200 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मिलावट करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया। त्योहारों तक जारी रहेगा अभियान अधिकारियों ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग का मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar