crime
बिना सुरक्षा प्रयोग से छात्र का हाथ झुलसा:जबलपुर के सत्यप्रकाश स्कूल में लापरवाही; ABVP ने किया प्रदर्शन
जबलपुर के सत्यप्रकाश स्कूल में एक वैज्ञानिक प्रयोग के दौरान लापरवाही से छात्र का हाथ झुलसने के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया। ABVP कार्यकर्ताओं ने बताया कि पीड़ित छात्र की माता मंजू उपाध्याय ने संगठन से संपर्क कर न्याय की मांग की थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद भी स्कूल प्रशासन ने मामले पर कोई ध्यान नहीं दिया और न ही उनकी शिकायत सुनी। पीड़ित बच्चे की मां ने जानकारी दी कि 11 अगस्त को ग्वारीघाट रोड स्थित सत्यप्रकाश स्कूल में एक 'साइंस फेयर' (विज्ञान मेला) आयोजित किया गया था। बच्चों को दिखाए जा रहे थे वैज्ञानिक प्रयोग कार्यक्रम में बच्चों को कई वैज्ञानिक प्रयोग दिखाए जा रहे थे, जिसमें ड्राई आइस का प्रयोग भी शामिल था। आरोप है कि इस दौरान सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की गई। छात्रों को बिना किसी ग्लव्स, पीपीई किट या सुरक्षा उपकरण के सीधे हाथों में ड्राई आइस थमा दी गई। इस लापरवाही के कारण चौथी कक्षा के एक छात्र का हाथ गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के अगले दिन जब पीड़ित छात्र की मां स्कूल प्रशासन से बात करने गईं, तो प्रशासन ने चर्चा करने से साफ इनकार कर दिया। बिना सावधानी के बच्चों को जोखिम में डाला ABVP पदाधिकारियोें का कहना है कि छात्रों की जान को बिना किसी सावधानी के जोखिम में डालना स्कूल प्रबंधन की बड़ी विफलता है। इस घटना से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि इस कृत्य के जिम्मेदार लोगों और स्कूल प्रबंधन पर प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा।
Read full article on Bhaskar