politics
बार काउंसिल चुनाव: 7वें राउंड में 9 प्रत्याशी बाहर:मतगणना में 3-4 महीने और लगेंगे, समीकरण लगातार बदल रहे
प्रयागराज में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश चुनाव-2026 की मतगणना सोमवार को सातवें एलिमिनेशन राउंड तक पहुंच गई। इस चरण के बाद भी कानपुर नगर के अनुराग पांडेय अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। उन्हें कुल 4610 वोट मिले हैं, जबकि लखनऊ के प्रशांत सिंह अटल 4356 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। आधिकारिक प्रगति सूची के अनुसार, तीसरे स्थान पर बुलंदशहर के शिव किशोर गौर (3841 वोट), चौथे पर प्रयागराज के देवेंद्र मिश्रा नागराहा (3770 वोट) और पांचवें स्थान पर बरेली के शिरीष कुमार मेहरोत्रा (3465 वोट) बने हुए हैं। ये आंकड़े सातवें एलिमिनेशन राउंड के बाद जारी किए गए हैं। सोमवार को हुए सातवें एलिमिनेशन राउंड में प्रयागराज के अंजनी कुमार मिश्रा, राम सनेही यादव, अमरेंद्र तिवारी, मिर्जापुर के जितेंद्र कुमार, लखनऊ के संजीव कुमार सिंह, गाजीपुर के दयाशंकर सिंह यादव, कानपुर नगर के नीरज कुमार श्रीवास्तव और अरविंद कुमार उपाध्याय सहित कई प्रत्याशियों को बाहर किया गया। उनके मतों को मतदाताओं द्वारा दी गई अगली वरीयता के आधार पर शेष उम्मीदवारों में स्थानांतरित किया गया, जिससे शीर्ष दावेदारों के वोटों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बार काउंसिल चुनाव की मतगणना विशेष वरीयता (प्रेफरेंशियल) मतदान प्रणाली के तहत की जा रही है। इस प्रक्रिया में सबसे कम मत पाने वाले प्रत्याशी को प्रत्येक चरण में बाहर किया जाता है और उसके मत अगली वरीयता के आधार पर अन्य उम्मीदवारों में स्थानांतरित किए जाते हैं। इसी कारण मतगणना सामान्य चुनावों की तुलना में काफी लंबी और जटिल हो गई है। मतगणना से जुड़े अधिकारियों और अधिवक्ता नेताओं के अनुसार, फिलहाल केवल एलिमिनेशन राउंड जारी हैं। इसके बाद दूसरे चरण की विस्तृत गणना और वरीयता मतों के परीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी की जानी है। मौजूदा गति को देखते हुए दूसरे चरण की मतगणना पूरी होने में करीब तीन से चार महीने का समय और लग सकता है। ऐसे में अंतिम परिणाम आने में अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। प्रदेश भर के अधिवक्ताओं की नजरें अब आगामी एलिमिनेशन राउंड पर टिकी हैं। हर चरण के साथ उम्मीदवारों के मतों में बदलाव हो रहा है, लेकिन सातवें एलिमिनेशन राउंड तक अनुराग पांडेय ने अपनी बढ़त बरकरार रखी है और उन्हें चुनावी दौड़ का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
Read full article on Bhaskar