crime
बुरहानपुर में महिला को सड़क पर मिले ₹50 हजार:थैले में आधार-पैन कार्ड भी थे, पुलिस ने मालिक को लौटाए
बुरहानपुर के शिकारपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को ईमानदारी की मिसाल सामने आई। एक महिला को सड़क पर 50 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेजों से भरा थैला मिला। उन्होंने बिना देर किए रकम और दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने पहचान के बाद सामान उसके असली मालिक को लौटा दिया। संजय नगर निवासी आशा बाई वानखेड़े सुबह अपने नाती-पोतों को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं। रास्ते में उन्हें पीले रंग की एक थैली पड़ी मिली। आशा बाई थैली घर ले गईं। उन्होंने उसे खोलकर देखा तो उसमें 50 हजार रुपए नकद थे। साथ ही पैन कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी थे। पुलिस ने रकम-दस्तावेज मालिक को लौटाए आशा बाई ने रकम और दस्तावेज अपने पास नहीं रखे। वह अपने बेटे के साथ शिकारपुरा थाने पहुंचीं। उन्होंने पूरी थैली पुलिस को सौंप दी। पुलिस को कुछ समय पहले न्यू इंदिरा कॉलोनी निवासी राजेश जायसवाल ने दस्तावेज और रुपए गुम होने की शिकायत दी थी। पुलिस ने राजेश को थाने बुलाया। उनसे दस्तावेज और रकम की पहचान कराई गई। पहचान होने के बाद पुलिस ने राजेश को 50 हजार रुपए और सभी दस्तावेज वापस सौंप दिए। रकम और दस्तावेज वापस मिलने पर राजेश ने आशा बाई और उनके बेटे का आभार जताया। बुरहानपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क या किसी सार्वजनिक जगह पर किसी का सामान मिले तो उसे अपने पास न रखें। सामान संबंधित व्यक्ति या नजदीकी पुलिस थाना-चौकी में जमा करें।
Read full article on Bhaskar