top
बरेली पुलिस ने 458 गुम मोबाइल बरामद किए:जन्माष्टमी पर 85 लाख रुपए के फोन मालिकों को सौंपे, लोगों ने जताया आभार
बरेली पुलिस ने अगस्त महीने में एक खास अभियान चलाकर 458 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जन्माष्टमी के मौके पर इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया गया। इन मोबाइलों की कुल कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है। रिजर्व पुलिस लाइंस के रविंद्रालय में एक कार्यक्रम हुआ, जहां एसपी क्राइम ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने बरेली पुलिस का धन्यवाद किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जिले की साइबर टीम, सर्विलांस सेल और अलग-अलग थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों ने मिलकर काम किया। टीम ने केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल और आधुनिक तकनीक की मदद से गुम हुए मोबाइलों को ट्रैक कर ढूंढ निकाला। पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2025 से अगस्त 2026 तक बरेली पुलिस कुल 6,638 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इनकी अनुमानित कीमत 13.10 करोड़ रुपये है। पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि लोगों की गुम या चोरी हुई संपत्ति उन्हें वापस मिल सके। अगस्त महीने में सबसे ज्यादा 58 मोबाइल बहेड़ी थाना क्षेत्र से मिले। इसके बाद सुभाषनगर और इज्जतनगर से 32-32, कैंट से 27, कोतवाली से 25, बारादरी और आंवला से 24-24 और भमोरा से 23 मोबाइल बरामद किए गए। सभी थानों की कार्रवाई से कुल 458 मोबाइल मिले। बरेली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में बताएं। साथ ही, CEIR पोर्टल (ceir.gov.in) पर जाकर अपने मोबाइल को ब्लॉक करें। इससे उसे ट्रैक करना और ढूंढना आसान हो सकेगा।
Read full article on Bhaskar