top
बारिश में दीवार गिरी, एक परिवार के चार घायल:बच्ची गंभीर, प्रयागराज रेफर; लापरवाही पर लेखपाल निलंबित
प्रतापगढ़ के देहात कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात बारिश के दौरान एक जर्जर कच्ची दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। इस हादसे में सात वर्षीय बच्ची देवांशी की हालत गंभीर है, जिसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद लापरवाही बरतने पर क्षेत्रीय लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। सराय बहेलिया गांव के हनुमान का पुरवा निवासी रामबाबू (45) अपनी पत्नी कुसुम और दो बच्चों देवांशी (7) व दिव्यांशु (5) के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे उनके घर के पीछे स्थित रामभूलन की कच्ची मिट्टी की दीवार बारिश के कारण ढह गई। इससे रामबाबू के पक्के मकान की पिछली बाउंड्री भी गिर गई, और परिवार के चारों सदस्य मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने तुरंत रात में ही सभी को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। देवांशी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया। प्रशासन को घटना की जानकारी सोमवार दोपहर करीब तीन बजे मिली। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय शाम 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार का हाल जाना और नियमानुसार सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। घटना की सूचना समय पर प्रशासन को न देने और कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय लेखपाल को निलंबित कर दिया। प्रशासन ने मामले में राहत एवं सहायता की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Read full article on Bhaskar