top
बीसलपुर में व्यापारी के खातों से 17 लाख की ठगी:साइबर ठगों ने UPI के जरिए एक घंटे में निकाले, पुलिस जांच में जुटी
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठगों ने एक व्यापारी के दो अलग-अलग बैंक खातों से महज एक घंटे के भीतर यूपीआई (UPI) के जरिए करीब 17 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बख्तावर लाल (पुराना डाकखाना रोड) निवासी राकेश चंद्र मित्तल ने पुलिस को बताया कि उनका एक्सिस बैंक में चालू खाता और आईसीआईसीआई बैंक में बचत खाता है। 15 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके दोनों खातों से अवैध निकासी की। ट्रांजैक्शन डिटेल्स को ट्रैक किया जा रहा मित्तल के अनुसार, एक्सिस बैंक के खाते से 13 बार में कुल 6,14,516.80 रुपये निकाले गए। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक के बचत खाते से 22 बार में 10,75,072.27 रुपये की निकासी हुई। कुल मिलाकर, 35 ट्रांजैक्शन के जरिए 16,89,589.09 रुपये की ठगी की गई। मोबाइल पर लगातार निकासी के मैसेज आने पर उन्हें इस घटना का पता चला। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ बीसलपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर अपनी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साइबर सेल की मदद से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साइबर फ्रॉड से जुड़े खातों और ट्रांजैक्शन डिटेल्स को ट्रैक किया जा रहा है।
Read full article on Bhaskar