top
बस्ती स्टेशन पर युवती ट्रेन के नीचे जाने से बची:आरपीएफ-जीआरपी जवानों ने दौड़कर बचाई जान
बस्ती रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। आरपीएफ और जीआरपी जवानों की तत्परता से एक 18 वर्षीय युवती ट्रेन के नीचे आने से बाल-बाल बच गई। यह घटना दोपहर करीब 1:56 बजे हुई। गाड़ी संख्या 14232 मनोहर संगम एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर तीन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान ट्रेन से उतरते समय युवती अचानक नीचे गिर गई, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ सकती थी। ट्रेन के गार्ड ने तत्काल ट्रेन रुकवाई मौके पर मौजूद आरपीएफ कांस्टेबल अब्दुल मारूफ सिद्दीकी ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने जीआरपी के हेड कांस्टेबल उमेश यादव और कांस्टेबल इरफान अंसारी के सहयोग से युवती को ट्रेन के नीचे जाने से बचाया। स्थिति को देखते हुए ट्रेन के गार्ड ने तत्काल ट्रेन रुकवा दी। ट्रेन रुकने के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में उसे उसी ट्रेन में बैठाकर उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान आरपीएफ कांस्टेबल राकेश राय भी मौके पर मौजूद थे। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जवानों की त्वरित कार्रवाई और युवती को बचाने का प्रयास स्पष्ट दिख रहा है। आरपीएफ और जीआरपी जवानों की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से युवती की जान बच गई।
Read full article on Bhaskar