crime
बांदा में बच्चों की मौत के बाद खाद्य-विभाग की छापेमारी:स्कूल की रसोई और मेस जांची, मोमोज-फिंगर निर्माण स्थल से तेल के नमूने लिए
बांदा के बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय में दो बच्चों की मौत के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को टीम ने अलग-अलग स्थानों पर औचक निरीक्षण और छापेमारी की। जिलाधिकारी अमित आसेरी के आदेश पर खाद्य सचल दल ने ग्राम महोखर स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित विद्यालय की रसोई और मेस का निरीक्षण किया। टीम ने बच्चों के लिए तैयार हो रही आलू-गोभी की सब्जी, चावल, रोटी और दाल के साथ स्टोर रूम में रखे खाद्य पदार्थों की भी जांच की। मौके पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली। जमीन से सटाकर रखी मिलीं खाद्य सामग्री की बोरियां निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम में आटा, चावल और दाल की बोरियां जमीन के संपर्क में और दीवार से सटाकर रखी मिलीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को खाद्य सामग्री जमीन और दीवार से सटाकर नहीं रखने के निर्देश दिए। खाना बनाने वाले रसोइयों को व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें एप्रन, हेड कवर और ग्लव्स का इस्तेमाल करने के निर्देश भी दिए गए। मोमोज-फिंगर निर्माण स्थल पर छापेमारी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ देव नगर, झील का पुरवा स्थित मोमोज और फिंगर निर्माण स्थल पर भी औचक छापेमारी की। टीम ने वहां फिंगर और मोमोज बनाने में इस्तेमाल होने वाले रिफाइंड सोयाबीन तेल और आरारोट के नमूने संकलित किए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों की रसोई पर बढ़ी निगरानी दो बच्चों की मौत की घटना के बाद प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्कूलों की रसोई व मेस की स्वच्छता को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के साथ विद्यालयों में संचालित किचन और मेस की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Read full article on Bhaskar