top
बांदा में ई-रिक्शा पलटने से बच्चे की मौत:मां गंभीर घायल, चालक पर शराब पीकर चलाने का आरोप
बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा के नीचे दबकर 9 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। उसकी मां गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ई-रिक्शा को सीधा किया। उन्होंने मां-बेटे को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। परसौड़ा गांव की रहने वाली जयदेवी अपने पति शशिकांत और 9 साल के बेटे शिवा के साथ इलाज कराने तिंदवारी आई थीं। इलाज के बाद दोनों ई-रिक्शा से वापस अपने गांव लौट रहे थे। तिंदवारी-परसौड़ा संपर्क मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। मां और बेटा दोनों ई-रिक्शा के नीचे दब गए थे। आसपास के लोगों ने काफी कोशिश के बाद ई-रिक्शा को सीधा किया और दोनों को बाहर निकाला। उन्हें तिंदवारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया। मां का इलाज चल रहा है। मृतक बच्चे के चाचा आलोक मिश्रा ने आरोप लगाया है कि ई-रिक्शा चालक शराब के नशे में था। वह तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था, जिसकी वजह से ई-रिक्शा पलट गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। परिवार के लोगों ने बताया कि शिवा अपने पिता की इकलौती संतान था। वह कस्बे के एक स्कूल में यूकेजी का छात्र था। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। मां का बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Read full article on Bhaskar