crime
बांदा में वाहन की टक्कर से युवक की मौत:दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खाने जा रहा था, साथी घायल
बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा गांव में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 22 साल के राज की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। तीनों लकी ढाबा पर खाना खाने जा रहे थे। पैलानी गांव के रहने वाले राज पुत्र शिवबरन, अपने साथी 25 साल के बाबूराम पुत्र कामता प्रसाद और 20 साल के रामू पुत्र कल्लू, के साथ बाइक पर जा रहे थे। ढाबे से कुछ दूरी पहले जसपुरा की ओर से आ रहे वाहन ने बाइक को सामने से टक्कर मारी। तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राज को मृत घोषित कर दिया। रामू और बाबूराम को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। परिजनों के मुताबिक, राज तीन बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह बाहर रहकर मजदूरी करता था और हाल ही में गांव लौटा था। परिजनों ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा और एंबुलेंस मिलने में देर हुई। हादसे के समय राज ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
Read full article on Bhaskar