crime
बदायूं में युवक की पिटाई, बच्ची चीखती रही:दूसरी बस में बैठने को लेकर झगड़ा हुआ, पुलिस जांच में जुटी
बदायूं में नवादा पुलिस चौकी के पास एक व्यक्ति की कुछ लोगों ने लात-घूंसों से पिटाई कर दी। इस दौरान उसके साथ मौजूद महिला उसे बचाने का प्रयास करती रही, लेकिन हमलावर नहीं रुके। महिला की गोद में मौजूद करीब दो साल की बच्ची मारपीट और धक्का-मुक्की देखकर चीखती रही। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जमीन पर गिरने के बाद भी पीटते रहे मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की नवादा पुलिस चौकी के पास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट के दौरान व्यक्ति जमीन पर गिर जाता है, इसके बाद भी हमलावर उसे लात-घूंसों से पीटते रहते हैं। व्यक्ति के साथ मौजूद महिला बीच-बचाव करने पहुंचती है। इस दौरान उसके साथ भी धक्का-मुक्की की जाती है। महिला की गोद में मौजूद करीब दो साल की बच्ची पूरी घटना के दौरान चीखती हुई नजर आ रही है। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। बस में सवारी बैठाने को लेकर विवाद की चर्चा प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद लंबी दूरी की बसों में सवारियां बैठाने को लेकर हुआ। नवादा पुलिस चौकी के पास रात में दिल्ली, मुंबई और राजस्थान समेत दूसरे शहरों के लिए बसें खड़ी होती हैं। आरोप है कि इनमें कुछ बसों का यहां से अवैध रूप से संचालन किया जा रहा है। सवारियां बैठाने को लेकर बस संचालकों और कर्मचारियों के बीच प्रतिस्पर्धा की बात भी सामने आई है। एक बस से उतरकर दूसरी में बैठने पर विवाद की चर्चा बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति की पिटाई की गई, वह एक बस से उतरकर दूसरी बस में बैठ गया था। इसी बात को लेकर संबंधित बस के चालक और परिचालक से उसका विवाद हो गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट किए जाने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने इस घटनाक्रम की अभी पुष्टि नहीं की है। घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में थाने पर अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar