crime
बड़वानी: छापरी प्राथमिक स्कूल और शौचालय जर्जर:छात्र खुले में शौच को मजबूर, शिक्षा स्तर पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
बड़वानी जिले के अंजड़ नगर के समीप स्थित ग्राम छापरी की प्राथमिक शाला की स्थिति जर्जर है। यहां लड़कों का शौचालय क्षतिग्रस्त होने के कारण छात्रों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने स्कूल में सुविधाओं की कमी और शिक्षा के गिरते स्तर को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्राथमिक शाला में कक्षा 1 से 5 तक कुल 49 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनमें 35 बालिकाएं और 14 बालक शामिल हैं। स्कूल भवन और परिसर की स्थिति भी ठीक नहीं है। लड़कों का शौचालय लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ा है और उसमें शराब की खाली बोतलें फेंकी जा रही हैं। बच्चों की बढ़ाई पर असर ग्रामीण रामेश्वर ने आरोप लगाया कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, पांचवीं कक्षा के छात्रों को अनाराम (स्वर-व्यंजन) और एबीसीडी तक नहीं आती। उन्होंने शिक्षकों पर बच्चों पर ध्यान न देने और उच्च अधिकारियों पर निरीक्षण न करने का भी आरोप लगाया। ग्रामीणों ने स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार, शौचालय की मरम्मत और शिक्षा के स्तर को बेहतर करने की मांग की है। इस संबंध में संविदा शिक्षक महेश जायसवाल और शिक्षिका संगीता शर्मा ने बताया कि उन्होंने क्षतिग्रस्त भवन के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया है। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा लगाए गए शिक्षा के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उनके द्वारा शिक्षा पर पूरा जोर दिया जा रहा है। स्कूल का निरीक्षण करेंगे जब इस मामले में डीपीसी सोनालिका अचाले (जिला परियोजना समन्वयक) से बात की गई, तो उन्होंने मामले से अनभिज्ञता जाहिर की। उन्होंने कहा कि वे स्कूल का निरीक्षण करेंगे और उसके बाद ही कुछ बता पाएंगे।
Read full article on Bhaskar