politics
चांचौड़ा बीनागंज में युवा कांग्रेस ने किया सद्बुद्धि यज्ञ:चाचौड़ा बायपास के गड्ढों में पौधे लगाए, ज्ञापन के 7 दिन बाद भी नहीं सुधरी सड़क
नगर की जनसमस्याओं और लंबे समय से जर्जर चाचौड़ा बायपास सड़क को लेकर शनिवार को बायपास पर शांतिपूर्ण सांकेतिक कार्यक्रम किया गया। इसमें सद्बुद्धि यज्ञ कर नगर परिषद और जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बायपास के गड्ढों में पौधे लगाए गए। आयोजकों ने इसके जरिए सड़क की समस्या लंबे समय से बने रहने और इसके स्थायी समाधान की जरूरत का संदेश दिया। पूर्व युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव सौरभ यादव ने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यादव ने बताया कि चाचौड़ा-बीनागंज की जनसमस्याओं और बायपास की जर्जर सड़क को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को ज्ञापन दिया गया था। ज्ञापन दिए सात दिन बीतने के बाद भी सड़क की समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद यह सांकेतिक कार्यक्रम किया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. संजय मीना ने कहा कि आश्वासन नहीं, समस्या का समाधान चाहिए।” उन्होंने बायपास सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। पूर्व शहर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और जनहित में किया गया। इसका उद्देश्य प्रशासन और नगर परिषद का ध्यान सड़क समेत नगर की मूलभूत समस्याओं की ओर आकर्षित करना था। कार्यक्रम में नारायण सिंह भील बिंदल, सुंदर माली, देवेंद्र पटोदी, राजेंद्र खादीवाला, रोहित मीना, गुलाब माली, रणजीत सोलंकी, रिंकूराम, मनोज राठौर, गोविंद लोधा, स्वप्निल श्रीमाल, रानू मीना, प्रवेश, रामस्वरूप मेर, हुकुम माली, संदीप शर्मा, छोटू पठान और सलीम खान सहित नागरिक मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar