crime
चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में अधेड़ की मौत:पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन-पटरी के बीच फंसा, शिनाख्त में जुटी पुलिस
पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक अज्ञात अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेन और पटरी के बीच फंसने से उसे गंभीर चोटें आईं। RPF और GRP ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। जेब से केवल मोबाइल की बैटरी बरामद हुई है, जिसके चलते अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे की है। बरेली की ओर से आ रही ट्रेन पीलीभीत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर धीमी गति से पहुंच रही थी। इसी दौरान अधेड़ ने ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही उतरने का प्रयास किया। संतुलन बिगड़ने पर वह ट्रेन की चपेट में आ गया और पटरी व ट्रेन के बीच फंस गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही RPF और GRP के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। जेब से मिली सिर्फ मोबाइल की बैटरी मृतक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से केवल एक मोबाइल की बैटरी मिली। उसके पास न तो कोई पहचान पत्र था और न ही मोबाइल फोन मिला। इसके चलते पुलिस मृतक की पहचान नहीं कर सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया है। GRP और स्थानीय पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar