top
चित्रकूट में दो सड़क हादसों में दो की मौत:ऑटो पलटने से महिला ने दम तोड़ा, ट्रैक्टर से युवक की मौत; 5 महिलाएं घायल
चित्रकूट में रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहाड़ी थाना क्षेत्र में ऑटो पलटने से महिला की जान चली गई, जबकि राजापुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई। दोनों हादसों में पांच महिलाएं घायल हुई हैं। ऑटो पलटने से महिला की मौत पहाड़ी थाना क्षेत्र के बाबूपुर मोड़ पर रविवार शाम करीब 5 बजे तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में प्रयागराज के शंकरगढ़ लोहरा निवासी रमेश कुमार की सास तिलिया देवी (59) ऑटो के नीचे दब गईं। पुलिस और ग्रामीणों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में तिलिया देवी की मौत हो गई। देशी इलाज के लिए जा रही थीं महिला रमेश कुमार के मुताबिक, तिलिया देवी शनिवार को लोहरा आई थीं। पैरों में दर्द होने के कारण रविवार सुबह वह गांव के मोहन के साथ देशी इलाज के लिए ऑटो से पहाड़ी बाबूपुर जा रही थीं। ऑटो में सुशीला, ममता द्विवेदी, बबली, संतोष और प्रेमकली भी सवार थीं। बाबूपुर मोड़ पर ऑटो का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया। हादसे में अन्य महिलाएं भी घायल हुईं, जिनका इलाज चल रहा है। ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत दूसरा हादसा राजापुर थाना क्षेत्र के छींबो मार्ग पर हुआ। यहां ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय रवि उर्फ रामभजन की मौत हो गई। वह इटवा लोहगरी का रहने वाला था। राहगीरों ने उसे रामनगर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया रवि के पिता रमेश के मुताबिक, उनका बेटा शनिवार सुबह ससुराल भंभेट में तेरहवीं में गया था। वहां से अपने साढ़ू रामेश्वर और उनकी पत्नी को छींबो के रेरुआ बुधौली छोड़ने के बाद रात करीब 10 बजे पत्नी को लेने ससुराल जा रहा था। इसी दौरान छींबो मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। परिजनों ने इसे हादसा नहीं बल्कि साजिशन हत्या बताते हुए अस्पताल में हंगामा किया और शव उठाने से मना कर दिया। रविवार सुबह राजापुर और रैपुरा पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया हादसा राजापुर थाना प्रभारी नरेश प्रजापति ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसा लग रहा है। हादसे में शामिल ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar